नशा मुक्त भारत अभियान एक युद्ध नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Gargachary Times
4 October 2025, 22:45
213 views
Firozabad
मद्यनिषेध विभाग, आगरा एवं एनजीओ संस्था जीवन फ़ाउंडेशन, फ़िरोज़ाबाद के संयुक्त तत्वावधान में हेम कॉन्वेंट इंटर कॉलेज, तिलक नगर, फ़िरोज़ाबाद में नशा विरोधी जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और समाज में नशा-मुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री विमल कुमार, सहायक मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी, आगरा ने कहा कि देश में नशीले पदार्थों का बढ़ता प्रचलन एक गंभीर सामाजिक चुनौती है। नशा युवाओं के उज्जवल भविष्य को नष्ट कर देता है, इसलिए आवश्यक है कि विद्यार्थी स्वयं सजग रहें और समाज में जागरूकता फैलाएं। उन्होंने नशे के प्रति विद्यार्थियों को सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती राजमती का विशेष सहयोग और समर्थन प्राप्त हुआ, जिसके लिए विभाग एवं संस्था द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
जीवन फ़ाउंडेशन के अध्यक्ष श्री अभय कुमार ने कहा,
“युवाओं में जागरूकता ही नशे के खिलाफ़ सबसे सशक्त हथियार है।”
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रवीण उपाध्याय शिक्षकगण मयंक, प्रतीक, नितिन, रीना एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मद्यनिषेध पोस्टर, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता विद्यार्थियों को विभाग द्वारा शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अंत में विद्यार्थियों ने मद्यनिषेध रैली निकाली और नशा मुक्ति के संदेश से लोगों को जागरूक किया।