विद्यालय परिसर में किया गया वृक्षारोपण
Gargachary Times
24 July 2025, 16:03
24 views
Mathura
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल करने के उद्देश्य से आज विकास खंड बलदेव के प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर में बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत खंड विकास अधिकारी नेहा रावत, ब्लॉक प्रमुख बलदेव प्रतीक भरंगर एवं थानाध्यक्ष बलदेव रंजना सचान द्वारा विभिन्न फलदार और छायादार वृक्षों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल विद्यालय परिसर को हरित बनाना था, बल्कि छात्रों, अभिभावकों और स्टाफ में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता भी पैदा करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी नेहा रावत, ब्लॉक प्रमुख बलदेव प्रतीक भरंगर एवं थानाध्यक्ष बलदेव रंजना सचान द्वारा सामूहिक रूप से मां सरस्वती के चित्रपट पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करके किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत बलदेव के अध्यक्ष प्रतीक भरंगर ने कहा कि पौधारोपण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जिस प्रकार पर्यावरण असंतुलन और प्रदूषण बढ़ता जा रहा है, ऐसे में अधिक से अधिक वृक्ष लगाना हम सबकी जिम्मेदारी बनती है। विद्यालयों को ऐसे आयोजनों के माध्यम से छात्रों को प्रकृति से जोड़ने का कार्य करते रहना चाहिए।
खंड विकास अधिकारी नेहा रावत ने प्रदूषित पर्यावरण के खतरों से आगाह करते हुए वृक्षारोपण करने के लिए सभी को प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र छात्रा को कम से कम एक वृक्ष लगाने का संकल्प लेना चाहिए क्योंकि वृक्षारोपण द्वारा ही प्रदूषित पर्यावरण से समाज को बचाया जा सकता है। आज लोग अपने भौतिक सुख एवं अल्प लाभ के लिए वृक्षों की अंधाधुंध कटाई कर रहे हैं जिसके भयावह परिणाम हम सबको देखने को मिल रहे हैं।
थानाध्यक्ष बलदेव रंजना सचान ने कहा कि विद्यालय में उपस्थित सभी जन आज एक एक पौधा लगाकर उसको पुष्पित व पल्लवित करने का संकल्प अवश्य लें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ जगदीश पाठक ने वृक्षों की रक्षा एवं उनके रख रखाव पर जोर देते हुए कहा कि आज वृक्ष तो काफी लोग लगाते हैं किन्तु बिना किसी संरक्षण के अभाव में सूख जाते हैं अतः आज आवश्यकता है वृक्षों का रख रखाव किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय में लगे नए सीसीटीवी कैमरों का फीता काटकर सामूहिक रूप से उदघाटन किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ओम प्रकाश, शिवा उपाध्याय, अनुज उपमन्यु, बिंदू शर्मा, गीता सक्सेना, डॉ ममता रानी, अचल कुमार, प्रेमचंद, आकाश कुमार, पूजा, डॉ जगदीश पाठक आदि की उपस्थिति मुख्य रही।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ जगदीश पाठक द्वारा किया गया।