रिफायनरी संविदा कर्मियों की पीड़ा सुनी बिहार के सांसद ने
Gargachary Times
6 October 2025, 20:48
38 views
Mathura
श्रम व कौशल विकास की संसदीय समिति सदस्य और
बिहार के काराकट भाकपा माले सांसद राजाराम बीते दिन कुरकंदा स्थित होटल द्वापर रिसॉर्ट पहुंचे और
रिफाइनरी के संविदा श्रमिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, मोदी सरकार दोहरी चाल चल रही है। वे मजदूरों का अहित नहीं होने देंगे। श्रमिकों के पारिश्रमिक की लूट को रोकने हेतु पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन के सुझावों और प्रकरण को सरकार और संसद के समक्ष रखेंगे । कहा ,सरकार की नीतियां पूरी तरह मजदूर विरोधी हैं। सरकार को सबक सिखाने के लिए किसानों और मजदूरों को संघर्ष करना होगा । कहा, एक ओर देश के प्रधानमंत्री पर्यावरण के लिए ' एक पेड़ मां के नाम ' का नारा दे रहे हैं ,दूसरी ओर भागलपुर में आम और लीची के हजारों पेड़ों के बाग को एक रुपए सालाना भाड़े में अडानी को पट्टा कर रहे है । दोहरी चाल को जनता समझ रही है। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की रक्षा के लिए उन्होंने संघर्ष का आह्वान किया। सांसद ने भरोसा दिया कि मथुरा रिफाइनरी में संविदा श्रमिकों की स्थिति के जायजे के लिए संसदीय समिति के दौरे का प्रस्ताव रखा जाएगा । सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ मजदूर नेता शिवदत्त चतुर्वेदी ने की । इस अवसर पर पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन की कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स मथुरा रिफाइनरी यूनिट के अध्यक्ष मधुवन दत्त चतुर्वेदी एडवोकेट ने संसद सदस्यों को प्रेषित पत्र और अन्य प्रतिवेदनों की प्रतियों की पत्रावली सांसद को सौंपी और अवगत कराया कि मथुरा रिफाइनरी को प्रबंधन और ठेकेदारों के कुत्सित गठजोड़ ने काले धन की फैक्ट्री में बदल दिया है । इस अवसर पर यूनियन के सचिव जनक सिंह और टाउनशिप उपशाखा के अध्यक्ष दिलीप दुबे ने सांसद राजाराम को राधा कृष्ण की मनोहारी छवि भेंट की । कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मण लवानिया, सुभाष जादौन, अतुल चौहान, विवेक सारस्वत, रमेश पंडित , पदम सिंह, मुंशीलाल, चांद खान, गरीब दास, रघुवीर सिंह, गोपाल शर्मा, किशनी जी, मोहन सिंह बाल्मीकि आदि ने सांसद राजाराम का माल्यार्पण कर स्वागत किया ।