वृंदावन के हरे कृष्ण ऑर्किड सोसायटी पर MVDA की बड़ी कार्रवाई, अवैध बैंक्वेट हॉल, रेस्टोरेंट सील
Gargachary Times
6 October 2025, 20:50
212 views
Mathura
मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष की मौजूदगी में पार्किंग की ज़मीन पर बने अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
वृंदावन। मुख्यमंत्री से की गई शिकायत का असर दिखाई दिया है। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने आज वृंदावन की हरे कृष्ण ऑर्किड सोसायटी में बड़ी सीलिंग की कार्रवाई की। यह कार्रवाई प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एस. बी. सिंह की सीधी निगरानी में की गई।
इस दौरान सोसायटी में पार्किंग की ज़मीन और अन्य प्रतिबंधित स्थानों पर अवैध रूप से बनाए गए छह बैंक्वेट हॉल, दो रेस्टोरेंट और एक किचन को सील कर दिया गया। एक अवैध निर्माण को कार्रवाई से पहले ही खुद हटा लिया गया था।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एस. बी. सिंह ने बताया कि सोसायटी में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अवैध निर्माण किया गया था, जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री के जनता दरबार में की गई थी। अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद सिंघल ने शिकायत की थी कि आवासीय कॉलोनी में अवैध रूप से होटल संचालित किए जा रहे हैं।
सीलिंग की इस कार्रवाई से सोसायटी में रहने वाले लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए थे। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के ओएसडी प्रसून द्विवेदी, अधिशासी अभियंता अमरदीप सिंह समेत सभी सहायक और अवर अभियंता, साथ ही बड़ी मात्रा में पुलिस बल भी मौजूद रहा।
विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह में इस रिसॉर्ट में यह तीसरी बार सीलिंग की कार्रवाई की गई है।