Loading...

जिलाधिकारी विशाख जी0 की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में बैंकर्स की बैठक हुई सम्पन्न

Gargachary Times 9 October 2025, 21:18 194 views
Lucknow
जिलाधिकारी विशाख जी0 की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में बैंकर्स की बैठक हुई सम्पन्न
जनपद की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं भारत सरकार व प्रदेश सरकार के द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न ऋण योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से आज कलैक्ट्रेट के सभागार में जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में बैंकर्स की बैठक आहूत की गई। जिलाधिकारी द्वारा बैठक में बताया गया कि जनपद की आर्थिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में जनपद के सभी बैंकर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। अतः सभी बैंकर्स प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न ऋण योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर ऋण स्वीकृत करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि जनपद लखनऊ की आर्थिक व्यवस्था तेजी से आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि सभी बैंकर्स सरकार की विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत विभागीय अधिकारियों के माध्यम से उन्हें जो आवेदन पत्र प्राप्त हो रहे हैं, उनमें तत्परता के साथ निर्णय लेते हुए पात्र लाभार्थियों को अविलंब ऋण उपलब्ध कराएं। जिला अधिकारी ने समीक्षा करते हुए पाया कि जनपद का सीडी रेशियो गत तिमाही 45.24 प्रतिशत रहा, जिसके लिए उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि कई बैंक शाखाओं का सीडी रेशियो बहुत कम आ रहा है। इस संबंध में उन्होंने कड़े निर्देश दिए हैं कि जिन बैंकर्स का सीडी रेशियो कम है उनके संबंध में उनके रीजनल मैनेजर से आख्या प्राप्त की जाए कि सीडी रेशियो में वृद्धि करने को लेकर क्या क्या विशेष प्रयास उनके द्वारा सुनिश्चित किए जा रहे है। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में भी सभी बैंकर्स के द्वारा लंबित प्रकरणों को तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सरकार की इन महत्वाकांक्षी योजनाओं का अधिकतम लाभ जन सामान्य को प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी लखनऊ ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति-समीक्षा करते हुए पाया कि कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा उक्त योजना में डी.आई.सी द्वारा प्रेषित ऋण पत्रावलियां विगत 4 माह से लंबित हैं जिनपे कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा किसी भी स्तर से संतोष जनक कार्यवाही नहीं की गयी I जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा इस प्रकरण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए यह निर्देश दिए गए कि ऐसी स्थिति में कोटक महिंद्रा बैंक के विरुद्ध शासकीय योजनाओं में रुचि न लेने के सम्बन्ध में कार्यवाही हेतु एस एल बी सी को प्रस्ताव प्रेषित किया जाए। साथ ही जिन बैंकों में सीएम युवा योजना के प्रकरण सबसे अधिक समय से लंबित है, उनके ब्रांच प्रबंधकों एवं संबंधित बैंक के रीजनल मैनेजर के साथ पृथक से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय जैन, अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय प्रबंधक श्री निखिल जोहरी प्रबंधक, डी.जी.एम. नाबार्ड श्री कृष्ण कुमार ओझा , आर.बी.आई. एल.डी.ओ सुश्री प्रतिभा इन्दौरिया सहित समस्त विभाग अध्यक्षों समेत समस्त बैकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे I
Follow Samachar24