Loading...

वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में दीपदान पर रोक से 'गोस्वामियों में उबाल'

Gargachary Times 11 October 2025, 16:51 168 views
Mathura
वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में दीपदान पर रोक से 'गोस्वामियों में उबाल'
​वृंदावन: प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी महाराज मंदिर में दीपदान की प्राचीन परंपरा पर हाई पावर्ड टेम्पल मैनेजमेंट कमेटी द्वारा रोक लगाए जाने से मंदिर के गोस्वामियों में भारी रोष है। यह परंपरा विशेष रूप से कार्तिक मास के दौरान निभाई जाती रही है और इसका विशेष महत्व माना जाता है। ​क्या है पूरा मामला? मंदिर के गेट नंबर दो से अंदर आने के बाद जगमोहन के सामने वर्षों से सेवायत, उनके यजमान, श्रद्धालु और स्थानीय लोग दीपदान करते आ रहे थे। लेकिन कमेटी ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले के विरोध में राजभोग और शयनभोग सेवाधिकारियों सहित कई गोस्वामियों— जिनमें अशोक गोस्वामी, राजीवमुकुन्द गोस्वामी, निर्देशबिहारी गोस्वामी आदि शामिल हैं—ने कमेटी को पत्र लिखकर कार्तिक मास (सात अक्तूबर से पांच नवंबर तक) के दौरान मंदिर परिसर में दीपदान की अनुमति मांगी थी। ​कमेटी का फैसला और शर्त: पाँच अक्तूबर को हुई कमेटी की बैठक में पूर्व में हुई आग लगने की एक घटना (एक महिला की साड़ी में आग लगने) का हवाला देते हुए पूर्ण प्रतिबंध को थोड़ा शिथिल किया गया। कमेटी ने मंदिर के अर्धनिर्मित हॉल में केवल सात दीपक जलाने की सीमित अनुमति दी है। साथ ही, यह निर्देश भी जारी किया गया है कि ​एक दीपक में 50 ग्राम तेल का ही प्रयोग किया जाएगा। ​दीपदान की प्रक्रिया सूर्यास्त के समय ही शुरू होगी। ​ठाकुरजी की आरती से पहले इसे समाप्त करना होगा। ​गोस्वामियों का विरोध और आरोप: सेवायत अशोक गोस्वामी ने कमेटी के इस निर्णय पर गहरे दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कार्तिक मास में दीपदान की यह परंपरा लगभग 159 साल पुरानी है, और अब इसे बाधित किया जा रहा है। उन्होंने कमेटी पर मंदिर की राजनीति का शिकार होने का आरोप लगाया, जिससे मंदिर की सेवा, पूजा और परम्परा प्रभावित हो रही हैं। गोस्वामी ने कमेटी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके दीपदान की सेवा में आजतक आग लगने की कोई घटना नहीं हुई है, और उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि कमेटी ने किस घटना का हवाला देकर रोक लगाई है। उन्होंने यह भी कहा कि कमेटी न्यायालय जूनियर डिवीजन और हाई कोर्ट के व्यवस्था बनाने के किसी आदेश का भी पालन नहीं करा रही है।
Follow Samachar24