स्थानीय निवासियों व्यापारियों एवं पुलिस प्रशासन के बीच हुआ बैठक का आयोजन
Gargachary Times
11 October 2025, 18:41
130 views
Mathura
दीपावली व कार्तिक मास की व्यवस्थाओं के दृष्टिगत वार्ड 70 के अंतर्गत पुलिस प्रशासन द्वारा रासमण्डल में व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना गया और शीघ्र समाधान की बात की।
पार्षद वैभव अग्रवाल ने बताया कि पूरे इलाके में ई रिक्शा का आतंक है लोग जाम की समस्या से त्रस्त हैँ, ई रिक्शा की एंट्री बंद की जाये और अवैध रूप से चल रहे रिक्शा को सीज किया जाये साथ ही कार्तिक मास के दृष्टिगत प्रमुख बाज़ारों एवं मंदिरों के पास पुलिस गश्त बढ़ायी जाये।
लोई बाजार, बनखण्डी, सेवाकुंज, मोटा गणेश मंदिर के व्यापारियों ने भी जाम, ई रिक्शा की समस्या प्रमुख रूप से अधिकारियों के सामने रखी।
सीओ सदर संदीप सिंह ने सभी लोगों से कहा कि ई रिक्शा की संख्या को सीमित करने के लिए पुलिस प्रशासन गंभीर है साथ ही आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत वृन्दावन के प्रमुख तिराहों चौराहों एवं बाज़ारों में बैरियर लगाकर ई रिक्शा और बाहरी वाहनों का प्रवेश रोका जायेगा, लगातार पुलिस गश्त की जायेगी, व्यापारियों से कहा कि अग़र कोई व्यक्ति आपका उत्पीड़न कर रहा है, चौथ वसूली कर रहा है या कहीं असमाजिक तत्वों का अड्डा है तो अवगत कराएं शीघ्र कार्यवाही होगी।
बैठक में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी उपस्थित हुये, बैठक में पार्षद घनश्याम चौधरी, कोतवाल संजय पांडे, बिहारी जी चौकी प्रभारी शिवकुमार शर्मा, रंगजी चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे।