नगर आयुक्त ने बलभद्र कुंड का किया निरीक्षण
Gargachary Times
24 July 2025, 21:55
25 views
Mathura
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने नगरीय क्षेत्र की सभी वार्डों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य नगर की समग्र स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाए रखना है। इसी क्रम में आज सुबह नगर आयुक्त द्वारा वार्ड संख्या 31 का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गलियों, नालियों, खाली प्लॉटों, संपर्क मार्गों की स्वच्छता तथा सफाईकर्मियों की उपस्थिति एवं कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि एक खाली प्लॉट पर गंदगी एकत्र थी। इस पर नगर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से प्लॉट की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्लॉट स्वामी को सूचित कर प्लॉट की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) शीघ्र निर्मित कराने के लिए कहा गया, ताकि भविष्य में दोबारा गंदगी जमा न हो। इसके अतिरिक्त, नगर आयुक्त महोदय ने भूतेश्वर के पास स्थित ऐतिहासिक बलभद्र कुंड का भी निरीक्षण किया। कुंड में जमा सिल्ट एवं गंदगी को देखते हुए उन्होंने पोकलेन मशीन द्वारा कुंड की गहराई तक सफाई कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए, जिससे कुंड की स्वच्छता के साथ जलधारण क्षमता बढ़े। निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 31 के पार्षद श्री मुन्ना मलिक तथा नेचर ग्रीन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री अभिलाष सांगवान उपस्थित रहे। नगर आयुक्त द्वारा स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को गंभीरता से निभाते हुए नगर क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में निरंतर निरीक्षण, मूल्यांकन एवं आवश्यक कार्यवाही की जा रही हैं, जिससे प्रत्येक वार्ड स्वच्छ, सुव्यवस्थित व नागरिकों के लिए आदर्श रूप में संचालित रह सके।