चित्रकला, सामान्य ज्ञान, मेहंदी व स्लोगन प्रतियोगिता मे मेधावियों ने दिखाई प्रतिभा
Gargachary Times
12 October 2025, 22:37
88 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सावित्री फाउंडेशन के तत्वावधान में श्री रामा नन्द गर्ग इंटर कॉलेज में बहुविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामान्य ज्ञान, मेहंदी, स्लोगन लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता में कुल 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीपावली को केंद्र में रखकर आयोजित कला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से जीवंत किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्था की संरक्षक कल्पना राजौरिया ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच देना फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास तो बढ़ता ही है, साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों की भी पहचान होती है।
प्रदेश अध्यक्ष श्वेता शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिताएं केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि सीखने और विचारों को साझा करने का माध्यम होती हैं। बच्चों की रचनात्मक सोच देख कर प्रसन्नता हुई।
निर्णायक मंडल में शामिल समाजसेवी नीतू बंसल, दीपा अग्रवाल ने कहा कि सावित्री फाउंडेशन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच की शैक्षिक खाई को पाटने के लिए कार्यरत है। प्रदेश सचिव निशांत गर्ग ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जनपदों में भी इस तरह के आयोजन किए जाएंगे। संस्था के अतुल शुक्ला ने सभी का आभार ज्ञापित किया।