पराली जलने से नाराज मथुरा डीएम ने ग्राम विकास अधिकारी को किया निलंबित
Gargachary Times
22 October 2025, 20:13
204 views
Mathura
क्षेत्र में पराली जलने से रोकने के मामले में लापरवाही करने वाले ग्राम विकास अधिकारि के खिलाफ कार्यवाही की गई है। वहीं तहसीलदारों को भी कारण बताओं नोटिस जारी किया गया ।
मथुरा जनपद के बरसाना क्षेत्र के ग्राम भरना खुर्द में बुधवार को पराली जलाने की शिकायत पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार द्वारा संज्ञान लिया गया।
पराली जलाने की घटनाओं के नियंत्रण में शिथिलता बरतने पर जिलाधिकारी द्वारा तहसीलदार मांट, छाता एवं गोवर्धन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया । साथ ही, तहसील मांट, छाता एवं गोवर्धन के अंतर्गत आने वाले समस्त विकास खंड अधिकारियों को भी कारण बताओ नोटिस देते हुए जवाब तलब किया गया है।
जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक को भी कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्देशित किया है, कि जनपद में पराली प्रबंधन के संबंध में प्रभावी रूप से निगरानी की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
विकास खंड छाता के ग्राम पंचायत बुखरारी में पराली में आग लगने की 02 घटनाएं सज्ञांन में आई है। राजस्व निरीक्षक बुखरारी, राम भरोसी लेखपाल एंव मौ० सलीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण में पाया गया कि श्री नीरज कुमार ग्राम विकास अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं थे। इससे स्पष्ट है कि श्री नीरज कुमार, ग्राम विकास अधिकारी द्वारा अपने कर्तव्यों का उचित प्रकार से निर्वाहन नहीं किया गया तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों एंव निर्देशों का गम्भीरतापूर्वक पालन नहीं किया गया। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा गहरी नाराजगी प्रकट करते हुये ग्राम पंचायत बुखरारी के ग्राम विकास अधिकारी नीरज कुमार को सस्पेंड किया है।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि पराली प्रबंधन हेतु कृषकों को जागरूक किया जाए, कृषि यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार प्रचार-प्रसार अभियान चलाकर पराली जलाने की प्रवृत्ति को पूर्ण रूप से रोका जाए।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी सचिव एवं ग्राम प्रधान अपने अपने क्षेत्रों में किसानों से पराली दान करवाए/ पराली क्रय करें तथा पराली को गौशालाओं में पहुंचाए।