Loading...

खंड शिक्षक एवं खंड स्नातक निर्वाचन–2025 की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

Gargachary Times 25 October 2025, 19:21 133 views
Firozabad
खंड शिक्षक एवं खंड स्नातक निर्वाचन–2025 की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
फिरोजाबाद। आगामी खंड शिक्षक एवं खंड स्नातक निर्वाचन–2025 की तैयारियों के संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री विशु राजा ने की। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, डायट प्राचार्य बृजेंद्र कुमार,ईएलसी सहायक नोडल अधिकारी हिमांशु शर्मा,राजकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के प्राचार्य,पॉलिटेक्निक,आई०टी०आई० और इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी श्री विशु राजा ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र की बुनियाद है, और इस प्रक्रिया में शिक्षकों व स्नातकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी संस्थान प्रमुखों को निर्देशित किया कि खंड शिक्षक एवं खंड स्नातक निर्वाचन के लिए अधिक से अधिक पात्र शिक्षक एवं स्नातक मतदाता ऑनलाइन आवेदन करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि 06 नवम्बर 2025 (06.11.2025) तक सभी पात्र मतदाताओं के आवेदन हर हाल में पूर्ण करा लिए जाएं। अपर जिलाधिकारी ने दिए ये प्रमुख निर्देश – 1. सभी शैक्षणिक संस्थान अपने यहाँ कार्यरत शिक्षकों एवं स्नातकों को ऑनलाइन आवेदन हेतु प्रोत्साहित करें। 2. मतदाता सूची का सत्यापन एवं अद्यतन कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। 3. संस्थान प्रमुख यह सुनिश्चित करें कि केवल पात्र शिक्षकों के ही नाम सूची में सम्मिलित हों। 4. आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि, अपूर्णता या देरी न हो। अपर जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे। उन्होंने कहा कि – “खंड शिक्षक और खंड स्नातक निर्वाचन लोकतंत्र की शिक्षित आवाज़ का प्रतीक है। प्रत्येक पात्र शिक्षक और स्नातक मतदाता को इस प्रक्रिया में भाग लेकर लोकतंत्र को मजबूत बनाना चाहिए।” इस बार खंड स्नातक के लिए 22 और खंड शिक्षक के लिए 11बूथ बनाए गए हैं। डीआईओएस धीरेंद्र कुमार ने कहा कि सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, पॉलिटेक्निक और आई०टी०आई० संस्थानों में ऑनलाइन आवेदन, ऑफलाइन आवेदन समय से करा दे। प्रत्येक संस्थान प्रमुख अपने अधीन शिक्षकों की पात्रता की जाँच कर प्रमाणपत्र निर्गत करें। बैठक में ईएलसी सहायक नोडल अधिकारी हिमांशु शर्मा,डायट प्राचार्य , राजकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के प्राचार्य, पॉलिटेक्निक और आई०टी०आई० के प्रधानाचार्य, इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य आदि रहे।
Follow Samachar24