ब्रज रज उत्सव के लिए सज–धज कर तैयार हुआ रेलवे ग्राउंड, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण , सांसद हेमा मालिनी करेंगी उद्घाटन
Gargachary Times
25 October 2025, 20:37
343 views
Mathura
मथुरा। रविवार से प्रारंभ होने ब्रज रज उत्सव के लिए धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पूरी तरह सज–धज कर तैयार हो गया है। रविवार से यहाँ 11 दिवसीय उत्सव का शुभारंभ होगा, जिसमें ब्रज की भक्ति, संस्कृति और गीत–संगीत का संगम देखने को मिलेगा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और सांसद हेमा मालिनी द्वारा संयुक्त रूप से उत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह उत्सव 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा। कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मनोरंजन, खानपान और हस्तशिल्प की झलक भी देखने को मिलेगी। उत्सव की तैयारियों को शनिवार को अंतिम रूप दिया गया।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि विशाल पंडाल और मंच तैयार हो चुका है। मेला क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं और कुल 100 स्टॉल लगाई गई हैं, जिनमें 30 फूड कोर्ट, 15 हैंडीक्राफ्ट, 20 ‘वन डिस्टिक वन प्रोडक्ट’, 10 खादी, 10 स्वदेशी, 10 सरकारी विभागों के लिए तथा अन्य विविध स्टॉल शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन शाम छह बजे से मुख्य कलाकारों की प्रस्तुतियाँ होंगी, जबकि दोपहर तीन बजे से छह बजे तक ब्रज के स्थानीय कलाकार लोक परंपरा, गीत–संगीत और लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर दो बजे तक स्कूली बच्चे सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रदर्शन करेंगे। मेला स्थल पर आगंतुकों के लिए चार आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं।
सीईओ ने बताया कि रविवार को ब्रज रज उत्सव का शुभारंभ शाम पाँच बजे कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और सांसद हेमा मालिनी द्वारा विशाल गुब्बारा छोड़कर संयुक्त रूप से किया जाएगा। इसके उपरांत अतिथि मेला स्थल का अवलोकन करेंगे। उसके पश्चात देश की प्रमुख क्लासिकल नृत्यांगना यास्मीन सिंह द्वारा
नृत्य नाटिका ‘द डिवाइन कृष्णा’
की प्रस्तुति दी जाएगी।