भोपाल में मेट कुश्ती दंगल में अडींग के युवा पहलवान रजत शर्मा ने जीता स्वर्ण पदक, गाँव लौटने पर ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत
Gargachary Times
29 October 2025, 19:19
117 views
Mathura
गोवर्धन । राजधानी भोपाल में आयोजित प्रतिष्ठित मेट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में गोवर्धन क्षेत्र के अडींग गाँव के प्रतिभाशाली युवा पहलवान रजत शर्मा पुत्र कोमल पचौरी ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया। रजत ने फाइनल मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी को पराजित करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल किया और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
कुश्ती के इस बड़े आयोजन में प्रदेश भर से सैकड़ों नामी पहलवानों ने भाग लिया। कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद रजत शर्मा ने अपने उत्कृष्ट दांव-पेंच और दृढ़ इच्छाशक्ति से जीत दर्ज की।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरा अडींग गाँव गर्व महसूस कर रहा है। गोल्ड मेडल जीतकर बीती देर शाम गाँव लौटने पर ग्रामीणों ने रजत शर्मा का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीणों ने मिठाइयाँ बांटकर अपनी खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर गुलाब सैनी, धर्मपाल, बाबू गुर्जर, चैटा चौधरी, हुकम चंद शर्मा, सचिन शर्मा, लक्की शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने रजत शर्मा को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। ग्रामवासियों ने कहा कि रजत शर्मा ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। वे गाँव के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं।
परिवार के सदस्यों ने भी इस सफलता को गाँव के नाम समर्पित करते हुए कहा कि रजत आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी अडींग का नाम रोशन करेगा।