बीड़ी कारोबारी बेटे ने शराब पीने से टोकने पर पिता की गोली मारकर की हत्या, फिर खुद को भी मारा
Gargachary Times
1 November 2025, 19:27
64 views
Mathura
गौरा नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बीड़ी कारोबारी बेटे ने शराब पीने से टोकने पर अपने पिता को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। इसके बाद बेटे ने खुद को भी गोली मारकर अपनी जान ले ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सुरेशचंद्र अग्रवाल (73) का 'दिनेश बीड़ी' के नाम से कोलकाता में बड़ा कारोबार है। उनके बेटे नरेश (52) वृंदावन में रहकर कारोबार संभालते थे और उनका ऑफिस घर के पास ही था।
बताया गया है कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे नरेश अपने ऑफिस में बैठकर शराब पी रहे थे। तभी उनके पिता सुरेशचंद्र अग्रवाल वहां पहुंच गए और उन्होंने बेटे को शराब पीने पर टोका। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।
विवाद के दौरान आक्रोशित नरेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और पिता के सीने में गोली मार दी। पिता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। पिता की हत्या करने के बाद नरेश ने तुरंत अपनी कनपटी पर पिस्टल रखकर फायर कर दिया।
गोलियों की आवाज सुनकर परिजन तुरंत ऑफिस की ओर दौड़े। घायल पिता-पुत्र को आनन-फानन में पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में विवाद का कारण शराब पीने पर टोकना बताया गया है। पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी गहराई से जांच कर रही है।
इस भयावह घटना की खबर मिलते ही कारोबारी जगत से जुड़े बड़ी संख्या में व्यापारी पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए, जिससे पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।