संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मांट तहसील में डीएम एसपी ने की जनसुनवाई
Gargachary Times
2 November 2025, 12:40
123 views
Mathura
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संपूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस के अवसर पर तहसील मांट में आम-जनमानस की समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी ने प्राप्त प्रार्थना-पत्रों के नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारीयों को तहसील दिवस में आने वाले आम-जनमानस/शिकायतकर्ताओं को विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाएं पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे, यह हमारी प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों का मौके पर जाकर मुआयना करने तथा क्षेत्रीय जनसमस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करके पीड़ित लोगों को राहत पहुँचाने हेतु अधिकारियों को कडे़ निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या का समाधान करना हम सबके लिए सर्वाेपरि है। कोई भी फरियादी तहसील दिवस/किसी भी कार्यालय से निराश होकर नहीं जाना चाहिए। पारदर्शिता के आधार पर संबंधित को नियमानुसार न्याय दिया जाए।
उप जिलाधिकारी मांट रितु सिरोही ने अवगत कराया है कि तहसील मांट में 70 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 8 शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया। अन्य शिकायतों को जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए ससमय निराकरण के निर्देश दिए गए। इस दौरान तहसील मांट में मुख्य चिकित्सा अधिकारी राधावल्लभ, उप जिलाधिकारी मांट रितु सिरोही, क्षेत्राधिकारी मांट आशीष शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।