पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की मुहिम
Gargachary Times
5 November 2025, 20:02
146 views
Agra
आगरा। एक पहल बीआर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से दयालबाग स्थित एक पहल पाठशाला में पोषण आहार वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एडिशनल डिप्टी पुलिस कमिश्नर पूनम सिरोही, जे. हेमचंद्रन, एम. सेंथीनाथन, कार्तिकेयन एन. और संस्था की अध्यक्ष डॉ. ईभा गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर किया।
एडीसीपी पूनम सिरोही ने कहा कि 6 महीने की उम्र के बाद बच्चों को पूरक आहार की आवश्यकता होती है और सही पोषण उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आज के समय में माताओं को संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देते हुए बच्चों के विकास के विभिन्न चरणों और कुपोषण से बचाव के उपायों की जानकारी अवश्य रखनी चाहिए।
संस्था के महासचिव मनीष राय ने बताया कि विद्यालय में छह माह से 2 वर्ष तक के शिशुओं के लिए नवंबर महीने के सूखे दूध के लगभग 300 डिब्बों का वितरण उनकी माताओं को किया गया। यह पहल सिर्फ दूध वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को स्वस्थ जीवन की शुरुआत देना है। कार्यक्रम में माताओं और परिवार की महिलाओं के लिए ज्ञानवर्धक स्वास्थ्य सत्र भी आयोजित किया गया।