सर्वाइकल कैंसर शिविर में 200 युवतियों का निःशुल्क हुआ टीकाकरण
Gargachary Times
6 November 2025, 20:25
143 views
Agra
आगरा। महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक पहल बीआर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण शिविर का आयोजन बाग मुजफ्फर खां स्थित केपी इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर, डिप्टी सीएमओ डॉ. ऋषि गोपाल शर्मा, समाजसेवी कामता प्रसाद अग्रवाल, सरिता सिंह और संस्था के सचिव मनीष राय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर घातक बीमारियों में तीसरे स्थान पर आता है। टीकाकरण के माध्यम से इस बीमारी को देश से समाप्त करने में सहायता मिल सकती है। 9 से 26 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए यह वैक्सीन विशेष रूप से उपयोगी है, जो शरीर को इस संक्रमण से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. ऋषि गोपाल शर्मा ने बताया कि यह कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के संक्रमण से होता है और इसकी शुरुआती अवस्था में कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। प्रारंभिक जांच और समय पर टीकाकरण से इसका उपचार सरल और प्रभावी बन जाता है।
संस्था की अध्यक्ष डॉ. ईभा गर्ग ने बताया कि शिविर में नगर निगम स्कूल और एक पहल पाठशाला की लगभग 200 छात्राओं का निःशुल्क टीकाकरण किया गया। साथ ही सर्वाइकल कैंसर के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया।