एक प्रेरणास्रोत थे राधा कृष्ण कुलश्रेष्ठ: किशन चौधरी, स्मृति दिवस पर हुआ विशाल चिकित्सा शिविर, 200 से अधिक लोगों ने लिया लाभ
Gargachary Times
27 July 2025, 21:30
40 views
Mathura
वरिष्ठ अधिवक्ता, प्रखर समाजवादी और जनसेवा के लिए समर्पित रहे श्री राधा कृष्ण कुलश्रेष्ठ की पुण्यतिथि पर रविवार को एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन ब्राह्मण धर्मशाला, सदर बाजार मथुरा में किया गया। कार्यक्रम में समाज, राजनीति और कानून जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर स्वर्गीय कुलश्रेष्ठ को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
चिकित्सा शिविर का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा,
> "राधा कृष्ण कुलश्रेष्ठ न सिर्फ एक उत्कृष्ट अधिवक्ता थे, बल्कि वे राजनीति में भी निष्कलंक सेवा के प्रतीक थे। समाजसेवा उनके लिए किसी पद या प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि कर्म से जुड़ी थी। वे सचमुच एक आदर्श प्रेरणास्रोत थे।"
शिविर में 200 से अधिक लोगों का हुआ उपचार
इस शिविर में लगभग 200 लोगों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया। के. एम. मेडिकल कॉलेज की अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क वितरित कीं।
शिविर में उपस्थित रोगियों को भविष्य में भी आवश्यकतानुसार केएम मेडिकल कॉलेज द्वारा निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
स्मृति दिवस में शामिल हुए अधिवक्ता, राजनेता व समाजसेवी
स्मृति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम संयोजक अंकुर कुलश्रेष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर विशेष रूप से उन लोगों को आमंत्रित किया गया, जो श्री कुलश्रेष्ठ के साथ वकालत, राजनीति या सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय तक जुड़े रहे।
वरिष्ठ अधिवक्ता एवं चेयरमैन उमाशंकर अग्रवाल ने अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा,
> "हम दोनों न केवल सहकर्मी थे, बल्कि अच्छे मित्र भी थे। कुलश्रेष्ठ साहब के लिए वकालत सिर्फ पैसे कमाने का जरिया नहीं था, वो जरूरतमंद को निशुल्क सहयोग भी करते थे।
कई गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर अपने विचार साझा करने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता नंदकिशोर उपमन्यु, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा, सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र फरारी, पार्षद सुभाष चंद्र यादव, पार्षद संजय अग्रवाल, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष सुभाष पाल, गोविंद पचौरी, भुवनेश वार्ष्णेय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे और सभी ने स्व. राधा कृष्ण कुलश्रेष्ठ के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शिविर में आए सभी डॉक्टर्स का स्वागत दीप्ति कुलश्रेष्ठ और आकांक्षा कुलश्रेष्ठ ने स्मृति चिन्ह देकर किया। व्यवस्थाएं अभिषेक कुलश्रेष्ठ, नदीम खान, दीपक यादव ईशान और हृदय ने संभाली।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा उनके चित्र पर पुष्प अर्पण व मौन श्रद्धांजलि के साथ हुआ।