नकली सॉस और उबली चाऊमीन बेचने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा, सैंपल जब्त
Gargachary Times
10 November 2025, 17:47
121 views
Mathura
वृंदावन, शहर में बड़े पैमाने पर हो रही खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने नकली सोया सॉस, टोमैटो सॉस और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तरीके से बेची जा रही उबली हुई चाऊमीन की बिक्री को लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में छापेमार कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतें मिल रही थीं कि स्थानीय बाजारों और ठेलों पर घटिया गुणवत्ता के साथ-साथ नकली ब्रांड के सॉस खुलेआम बेचे जा रहे हैं। इसके अलावा, पुरानी या दूषित उबली हुई चाऊमीन को फिर से बाज़ार में खपाया जा रहा है, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा पैदा हो रहा है।
विभाग की टीम ने आज दोपहर गौरा नगर में शाहिद की दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान, टीम ने बड़ी मात्रा में नकली सोया सॉस और टोमैटो सॉस के साथ-साथ बिक्री के लिए रखी गई उबली चाऊमीन के पैकेट को भी जब्त किया। दुकान स्वामी के पास जब तक किए गए सामान का बिल भी उपलब्ध नहीं था। इसी के साथ ही खाद्य पदार्थ बेचने का लाइसेंस भी दिखा पाने में असमर्थ रहा।
टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना शर्मा, अरुण राणा एवं भरत सिंह ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की। उन्होंने बताया, "लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी के दौरान जब्त किए गए सभी नकली सॉस और चाऊमीन के नमूने लेकर जाँच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जाँच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे खुले और सस्ते ब्रांड के सॉस तथा सड़क किनारे बेचे जा रहे ऐसे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहें और किसी भी तरह की शिकायत होने पर विभाग को सूचित करें। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।