लेबर कॉलोनी में छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, लोगों को बताया लोक अदालत महत्व
Gargachary Times
10 November 2025, 21:40
124 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सोमवार को विधिक सेवा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लेबर कॉलोनी में स्कूली छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को विधिक अधिकारों और लोक अदालत की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। प्राधिकरण सचिव माननीय अतुल चौधरी जी के निर्देश अनुसार पराविधिक स्वयंसेविका एवं समाजसेविका कल्पना राजौरिया ने कार्यक्रम में छात्राओं और महिलाओं को विधिक सेवा दिवस का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य आम जनता को न्यायिक सहायता, उनके अधिकारों और कानूनी उपायों के प्रति जागरूक करना है, ताकि हर व्यक्ति को सस्ता और त्वरित न्याय मिल सके।
कल्पना राजौरिया ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद, असहाय, महिला, श्रमिक और गरीब तबके को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है। उन्होंने आगामी 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली लोक अदालत की जानकारी देते हुए बताया कि बिजली, पानी, बैंक, बीमा, पारिवारिक विवाद, दुर्घटना मुआवजा और चालान जैसे मामलों का समाधान समझौते के माध्यम से लोक अदालत में कराया जा सकता है।
छात्राओं ने भी लोगों को लोक अदालत में भाग लेने और विवादों को सुलह-सहमति से समाप्त करने के लिए प्रेरित किया। रैली में प्रतिभाग करने वाले बच्चों ने नारे लगाकर न्याय के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों की सराहना की और अधिक से अधिक लोगों तक कानूनी जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।