Loading...

लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 25वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न, शहर के विकास कार्यों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

Gargachary Times 10 November 2025, 21:41 204 views
Lucknow
लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 25वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न, शहर के विकास कार्यों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
लखनऊ: लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 25वीं बोर्ड बैठक आज लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता लखनऊ मंडल के आयुक्त एवं लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अध्यक्ष श्री विजय विश्वास पंत ने की। इस अवसर पर नगर आयुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गौरव कुमार, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ललित कुमार, अपर जिलाधिकारी (टी.जी.) श्री आर.के. मित्तल, मुख्य वित्त अधिकारी, महाप्रबंधक, कंपनी सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बोर्ड के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के प्रारंभ में बोर्ड सदस्यों द्वारा नवनियुक्त अध्यक्ष श्री विजय विश्वास पंत का स्वागत किया गया। इसके उपरांत पिछली यानी 24वीं बोर्ड बैठक की कार्यवृत्ति की पुष्टि की गई तथा उस बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा प्रस्तुत की गई। बैठक में लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की विभिन्न परियोजनाओं एवं प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बोर्ड द्वारा रखे गए प्रमुख एजेंडा बिंदुओं में हेल्थ एटीएम (Health ATM) के संचालन और अनुरक्षण से संबंधित कार्यों का परीक्षण प्रमुख विषय रहा। बोर्ड ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन हेल्थ एटीएम केंद्रों के संचालन की प्रभावशीलता, उपयोगिता एवं रखरखाव की गुणवत्ता का मूल्यांकन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके अलावा, सीजी सिटी (CG City) में प्रस्तावित दिव्यांग पार्क (Divyang Park) की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में बोर्ड ने निर्णय लिया कि एक तकनीकी समिति गठित की जाएगी, जो परियोजना की तकनीकी समीक्षा कर अपनी अनुशंसा प्रस्तुत करेगी। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत यह प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति हेतु बोर्ड को भेजा जाएगा। बैठक में लखनऊ स्मार्ट सिटी परियोजनाओं से होने वाली आय के विषय पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। अध्यक्ष श्री विजय विश्वास पंत ने यू.पी. दर्शन पार्क, हैप्पीनेस पार्क, म्यूजिकल फाउंटेन, जनेश्वर मिश्र पार्क और अन्य परियोजनाओं की आय की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि इन परियोजनाओं से नियमित आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और अनुश्रवण व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए। अध्यक्ष ने यह भी कहा कि लखनऊ स्मार्ट सिटी की परियोजनाएं न केवल नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए हैं, बल्कि इन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया जाना चाहिए ताकि ये परियोजनाएं स्वयं अपने रखरखाव और विकास में सहयोग कर सकें। बैठक के अंत में, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गौरव कुमार ने कहा कि लखनऊ स्मार्ट सिटी की सभी परियोजनाएं शहर को अधिक आधुनिक, सुविधाजनक और सतत बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड के निर्देशानुसार सभी विभागों को परियोजनाओं के संचालन, अनुरक्षण एवं आय सृजन से संबंधित कार्यों की समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
Follow Samachar24