सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वी जयंती के अवसर पर विशाल पदयात्रा का हुआ आयोजन
Gargachary Times
17 November 2025, 19:12
114 views
Mathura
मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह, बृजक्षेत्र के रीजनल अध्यक्ष दुर्ग विजय शाक्य, विधायक मांट राजेश चौधरी, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश एवं जिला अध्यक्ष निर्भय पाण्डेय ने सरदार@150यूनिटी पदयात्रा एक भारत, आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। सभी अतिथियों ने पदयात्रा को गांव अयेरा खेड़ा के कॉलेज ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधिगण, मंडल अध्यक्ष अमन ठाकुर, उप-जिलाधिकारी मांट रितु सिरोही, खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, पुलिस अधिकारी, प्रभारी जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत मथुरा श्री रामवीर शर्मा के साथ अन्य अधिकारियों, एन0सी0सी, एन0एस0एस, स्काउट तथा स्कूल व कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चौधरी भूपेन्द्र सिंहने कहा कि स्वतंत्र भारत के शिल्पकार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में पूरे भारत में मनाया जा रहा है। सरदार वल्लभ भाई पटेल जी ने भारत की सैकड़ों रियासतों को जोड़कर एक अखंड राष्ट्र का रूप दिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि संविधान के आदर्शों को जीवंत रखने के लिए नागरिक चेतना आवश्यक है। क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री दुर्ग विजय शाक्य जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती उस विचार का उत्सव है, जो भारत की विविधता को उसकी शक्ति बनाता है।
इस अवसर पर विधायक मांट राजेश चौधरी ने कहा कि एकता के संकल्प के साथ देश को सबसे सुंदर स्वरूप देने का श्रेय लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी को जाता है। उन्होंने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि देश समाज के लिए आज रन फॉर यूनिटी के अवसर पर संकल्प ले और कोई ऐसा अच्छा कार्य करे, जिसके बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन हो।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और युवा चेतना के प्रतीक उत्सव के रूप में किया गया, जिससे एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचा। इस यात्रा में लोग हाथों में तिरंगा थामे चले और सामूहिक रूप से यह संदेश दिया कि राष्ट्र की एकता तभी सुदृढ़ होगी जब हम सभी नागरिक जागरूक, उत्तरदायी और सक्रिय होंगे। युवाओं का उत्साह देखने लायक था। सैकड़ों छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ पदयात्रा में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार मथुरा व जिला प्रशासन द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विशेष रूप से श्यामबाबू शुक्ला, पंकज शर्मा, पवन, रमन चतुर्वेदी, विष्णु चौधरी का सहयोग रहा है।