विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
Gargachary Times
17 November 2025, 21:19
126 views
Firozabad
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA) के दिशा-निर्देशों एवं माननीय जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद, डॉ. बब्बू सारंग के कुशल एवं मार्गदर्शक नेतृत्व में आज दिनांक 17 नवंबर, 2025 को वृद्धाश्रम, बन्ना रोड, फिरोजाबाद में एक महत्त्वपूर्ण विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य “Maintenance and Welfare of Parents and Senior Citizens Act, 2007” के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, विधिक संरक्षण तथा उपलब्ध वैधानिक उपायों से जन-सामान्य को अवगत कराना था।
यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित सतत जन-जागरूकता अभियानों की श्रृंखला में आयोजित किया गया। प्राधिकरण के सचिव श्री अतुल चौधरी के मार्गदर्शन एवं प्राधिकरण की समन्वित कार्यप्रणाली के अंतर्गत ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों तक विधिक सहायता एवं न्याय की पहुँच सुनिश्चित करना है।
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय समुदाय के सदस्यों को अधिनियम की प्रमुख धाराओं, भरण-पोषण के अधिकारों, न्यायाधिकरण की प्रक्रिया तथा निःशुल्क विधिक सहायता की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में श्रीमती मनोरमा मसीह, Chief Legal Aid Defence Counsel, श्री आदित्य प्रताप सिंह, Deputy Legal Aid Defence Counsel तथा सुश्री भावना यादव, Assistant Legal Aid Defence Counsel की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को अधिनियम की उपयोगिता, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा उपलब्ध सभी विधिक विकल्पों के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों द्वारा उठाए गए विभिन्न प्रश्नों और समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर उनका समाधान प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन्हें अपने अधिकारों और विधिक संरक्षण के बारे में अधिक जागरूक बनाते हैं तथा आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।
यह विधिक जागरूकता शिविर वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, संरक्षण और अधिकारों की रक्षा की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की एक अत्यंत सफल एवं प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।