सीसीटीवी कैमरों से लैस हुआ प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर, प्रांगण पर रहेगी तीसरी आंख की नजर
Gargachary Times
28 July 2025, 18:49
280 views
Mathura
विकास खंड बलदेव के प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर को आधुनिक तकनीकी के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाकर सुरक्षित किया गया है। सीसीटीवी कैमरों का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी नेहा रावत, थानाध्यक्ष बलदेव रंजना सचान और ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और रिमोट का बटन दबाकर सीसीटीवी के डीवीआर को चालू किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ जगदीश पाठक ने बताया कि सार्वजनिक सुरक्षा की दृष्टि से विद्यालय का परिसर अब पूर्णतः सीसीटीवी कैमरों से लैश हो गया है, विद्यालय में अवकाश के समय में अक्सर नुकसान करने वाले असामाजिक तत्वों पर सीसीटीवी कैमरों के मदद से अब आसानी से निगरानी रखी जा सकेगी।
ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर ने बेसिक शिक्षा विभाग की सराहना करते हुए कहा कि यह विभाग नित रोज नए प्रयोग एवं नवाचार के रूप में उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सीसीटीवी अत्यंत उपयोगी साबित होंगे। इन सीसीटीवी कैमरों की मदद से स्कूल के वातावरण को अधिक सुरक्षित और संरचित बनाने में मदद मिलेगी।
खंड विकास अधिकारी नेहा रावत ने कहा कि तकनीकी के आधुनिक युग में शैक्षिक उपागमों को भी अत्याधुनिक बनाना होगा, तभी बेसिक शिक्षा को शानदार मुकाम तक पहुंचाया जा सकता हैं। इसके लिए अपने हिस्से का कार्य सभी को करना होगा।
थानाध्यक्ष रंजन सचान ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे विद्यालय की संपति, प्रांगण और छात्रों की सुरक्षा के लिए ज़रूरी हैं। इससे विद्यालय परिसर में होने वाली किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सकेगा और आपातकालीन स्थिति में मदद मिल सकेगी। क्योंकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर सीसीटीवी कैमरों की वीडियो फुटेज से सच्चाई का पता लगाना आसान हो जाएगा।
इस अवसर पर डॉ जगदीश पाठक, ममता रानी, गीता सक्सेना, बिन्दु शर्मा, पूजा, आकाश, अचल कुमार, प्रेमचंद, विनीता यादव, अरुण शर्मा आदि की उपस्थिति मुख्य रही।