Loading...

निराश्रित गौवंश के संरक्षण तथा पौष्टिक आहार प्रदान किए जाने की सभी संबंधित उपस्थित अधिकारियों को दिलाई गई शपथ

Gargachary Times 19 November 2025, 20:10 177 views
Agra
निराश्रित गौवंश के संरक्षण तथा पौष्टिक आहार प्रदान किए जाने की सभी संबंधित उपस्थित अधिकारियों को दिलाई गई शपथ
आज जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निराश्रित गोवंश संरक्षण एवं भरण-पोषण की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि निराश्रित गोवंश संरक्षण एवं भरण-पोषण हेतु सरकार सतत दृढ़ संकल्पित है। निराश्रित गोवंश के संरक्षण हेतु स्थापित/संचालित गो आश्रय स्थलों के संचालन एवं प्रबन्धन में अतिरिक्त गुणवत्ता लाए जाने हेतु प्रभावी कार्यवाही व मॉनिटरिंग अपेक्षित है। समस्त गो आश्रय स्थलों पर सी०सी०टी०वी० स्थापित कर जनपद स्तर पर स्थापित कट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी की जाए। गो आश्रय स्थलों में भूसा, साइलेज, पशु आहार एवं हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए तथा गो आश्रय स्थलों से सम्बद्ध एवं अन्य चारागाह/गोचर भूमि पर हरे चारे की बुआई सुनिश्चित कराई जाए। भूसा, साइलेज तथा पशु आहार आदि के क्रय अनुबन्ध दर निर्धारण हेतु विधिवत प्रक्रिया प्रतिवर्ष फरवरी/मार्च तक पूर्ण कर ली जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी/उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों/पशु चिकित्साधिकारियों की ड्यूटी रोस्टर बनाकर, नियमित रूप से एक दिन के अन्तराल पर गो आश्रय स्थलों के निरीक्षण हेतु लगाई जाए, जिससे प्रति तीसरे दिवस किसी न किसी गो आश्रय स्थल का भ्रमण/निरीक्षण सम्भव हो सके।हरे चारे की उपलब्धता हेतु किसानों से ससमय हरा चारा बुआई तथा दर हेतु एम०ओ०यू० कर लिया जाए, जिससे फसल चक्रानुसार नियमित रूप से गो आश्रय स्थलों को हरा चारा उपलब्ध हो सके। हरा चारा उपलब्ध कराने वाले किसानों को भुगतान उनके बैंक खातों में सीधे किया जाए। प्रत्येक गो आश्रय स्थल पर पर्याप्त संख्या में केयर टेकर नियुक्त किए जाएं तथा इनकी 08-08 घण्टों की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाए, जिससे गो आश्रय स्थलों पर केयर टेकर की उपलब्धता निरन्तर बनी रहे; रात्रि में केयर टेकर की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण की धनराशि के सापेक्ष फण्ड रिक्वैस्ट विकास खण्ड स्तर तथा जनपद स्तर से निर्धारित समयावधि में परीक्षणोपरान्त, प्रत्येक माह की 30 तारीख तक गो आश्रय पोर्टल पर अवश्य अपलोड कर दी जाए।मुख्यमंत्री सहभागिता योजनान्तर्गत लाभार्थियों को सुपुर्द गोवंश के भरण-पोषण हेतु दी जाने वाली धनराशि की फण्ड रिक्वैस्ट नियमित रूप से प्रत्येक माह की 30 तारीख तक सत्यापन के उपरान्त गो आश्रय पोर्टल पर अपलोड किया जाना सुनिश्चित किया जाए। गो आश्रय स्थलों से सम्बन्धित ग्राम पंचायत सचिव द्वारा भूसा, साइलेज, हरा चारा एवं पशु आहार के स्टॉक बुक तथा गो आश्रय स्थल के अन्य अभिलेख निर्धारित प्रारूप पर तैयार कर, अद्यावधिक रखे जाएं।खेतों में धान तथा अन्य फसलों के अवशेष इस समय पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। अभियान चलाकर खेतों से पराली संग्रह कर गो आश्रय स्थलों में संरक्षित करा लिया जाए, जिसका उपयोग शरद ऋतु में गोवंश को ठंड से बचाव हेतु बिछावन के रूप में तथा कुट्टी बनाकर हरे चारे के साथ मिलाकर आहार के रूप में किया जाए।सड़कों/राजमार्गों एवं खेतों में विचरण कर रहे अवशेष निराश्रित गोवंशों को गो आश्रय स्थलों में संरक्षित कराया जाए, शासनादेश में निहित व्यवस्थानुसार एक माह के भरण-पोषण हेतु आवश्यक धनराशि के सापेक्ष अग्रिम धनराशि का भुगतान गो आश्रय स्थलों को किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उपर्युक्तानुसार गो आश्रय स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए; इसमें किसी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता/अनियमितता पाए जाने की दशा में उत्तरदायी कार्मिकों के विरुद्ध समुचित अनुशासनात्मक एवं कठोर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक के अंत में सभी को निराश्रित गौ वंश के संरक्षण, हरा चारा व पौष्टिक आहार देने हेतु शपथ दिलाई गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व श्रीमती शुभांगी शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ डीके पांडे सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
Follow Samachar24