Loading...

ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मन्दिर हाई पावर्ड मैनेजमेन्ट कमेटी, वृन्दावन, मथुरा की अष्टम् बैठक हुई संपन्न

Gargachary Times 21 November 2025, 18:00 231 views
Mathura
ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मन्दिर हाई पावर्ड मैनेजमेन्ट कमेटी, वृन्दावन, मथुरा की अष्टम् बैठक हुई संपन्न
मथुरा: ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी, वृन्दावन, मथुरा की अष्टम् बैठक मा० न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मा० उच्च न्यायालय इलाहाबाद श्री अशोक कुमार जी की अध्यक्षता में लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन वृन्दावन के सभागार में संपन्न हुई। गोलक खोलने की प्रक्रिया बैठक दिनांक-07.10.2025 द्वारा पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अक्टूबर माह तक समिति द्वारा अनुमति दी गयी थी। नवम्बर माह से गोलक खोलने की प्रकिया हेतु विचार विमर्श किया गया। पी०एल०एन०-9 सिक्योरिटी सर्विस प्रा०लि० द्वारा वर्ष 2018 से जी०एस०टी० व आई०जी०एस०टी० की धनराशि जमा न करने के कारण कम्पनी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के सम्बन्ध में विचार विमर्श किया गया। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मन्दिर के प्रांगण की सुव्यवस्थित दैनिक सफाई व्यवस्था में सुधार करने हेतु प्रेसर मशीन, वैक्यूम क्लीनर, फ्लोर क्लीनिंग मशीन एवं अन्य उपकरण क्रय करने हेतु एवं उन्हें संचालित करने हेतु तकनीकी रूप से सक्षम अस्थाई कर्मचारियों की व्यवस्था पर विचार विमर्श हुआ। मन्दिर के विधिक मामलों में जवाब तैयार कराने हेतु कुशल विद्वान अधिवक्ता की नियुक्ति पर विचार विमर्श किया गया। मन्दिर कार्यालय के अभिलेखों को सुचारू रूप से व्यवस्थित करने हेतु मुख्य लेखाधिकारी एवं वरिष्ठ सहायक लेखाधिकारी की नियुक्ति हेतु विचार विमर्श किया गया। वाई०के० गुप्ता एण्ड कम्पनी चार्टर्ड एकाउण्टेंट द्वारा किये गये मन्दिर के ऑडिट कार्य की प्रगति रिपोर्ट पर विचार विमर्श किया गया। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मन्दिर के चबूतरे पर गेट नं0-1, 2 व 3 के पास रैन बसेरा व कमरे व दुकानों के द्वारा अतिक्रमित स्थल को खाली कराने हेतु विचार विमर्श हुआ। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के प्राकट्‌योत्सव के रूप में दिनांक-25.11.2025 को श्री निधिवनराज से निकाली जाने वाली भव्य शोभा यात्रा पर होने वाले व्यय एवं तैयारियों पर चर्चा हुई। सुमित गोस्वामी द्वारा दिनांक 04.11.2025 को भेजे गये पत्र में श्री गणेश जी महाराज मन्दिर का गेट बन्द किये जाने के सम्बन्ध में विचार विमर्श किया गया। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के सजीव दर्शन प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) हेतु प्राप्त आवेदनों पर आवेदकों द्वारा अपनी-अपनी कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण देखा गया। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मन्दिर, वृन्दावन हेतु हलवाई तय किये जाने हेतु समिति की रिपोर्ट पर विचार विमर्श किया गया। मन्दिर प्रांगण में खाली स्थान पर अर्द्ध निर्मित स्थल (357 वर्ग० गज) में अनियमितता की जांच हेतु गठित त्रिसदस्यीय समिति की पुनः विस्तुत प्रगति रिपोर्ट पर विचार विमर्श हुआ। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मन्दिर, वृन्दावन की अवसंरचनात्मक दृढ़ता के सम्बन्ध में आई०आई०टी० रूड़की की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा हुई। वास्तुकार सदस्य (Architect) की नियुक्ति पर विमर्श हुआ। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मन्दिर के आस-पास श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत विकास किये जाने हेतु भवन / सम्पत्तियों को क्रय किये जाने की प्रक्रिया एवं भवन / सम्पत्तियों के स्वामित्व निर्धारण, प्रक्रिया / स्वामियों को दिये जाने वाले क्रय मूल्य एवं भवन स्वामियों / किरायेदारों के पुर्नव्यवस्थापन हेतु देय धनराशि के सम्बन्ध में मार्गदर्शी सिद्धांतो पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मा० न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मा० उच्च न्यायालय इलाहाबाद/ अध्यक्ष श्री अशोक कुमार जी, मा० जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त)/ सदस्य श्री मुकेश मिश्रा जी, मा० जिला एवं सत्र न्यायाधीश मथुरा/ सदस्य श्री विकास कुमार जी, मुंसिफ / सिविल जज मथुरा/ सदस्य श्रीमती शिप्रा दुबे जी, जिला मजिस्ट्रेट / कलेक्टर / सदस्य सचिव श्री चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/ सदस्य श्री श्लोक कुमार, नगर आयुक्त मथुरा-वृन्दावन नगर निगम/ सदस्य श्री जग प्रवेश, उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण/ सदस्य श्री श्याम बहादुर सिंह, अधीक्षण पुरातत्वविद् भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आगरा/ सदस्य डॉ० स्मिता एस० कुमार, गोस्वामी राजभोग समूह से श्री शैलेन्द्र गोस्वामी पुत्र श्री ब्रजनाथ गोस्वामी एवं श्रीवर्धन गोस्वामी पुत्र श्री जुगलकिशोर गोस्वामी, गोस्वामी शयनभोग समूह से श्री दिनेश कुमार गोस्वामी पुत्र श्री बिहारीलाल गोस्वामी एवं श्री विजय कृष्ण गोस्वामी (बब्बू) पुत्र श्री बाल कृष्ण गोस्वामी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24