तेज रफ्तार बेकाबू कार की टक्कर से गरीबों के तीन घर गिरे
Gargachary Times
21 November 2025, 18:01
112 views
Mathura
थाना रिफाइनरी क्षेत्र के बरारी कट से बेरी रोड पर स्थित गांव धाना शमशाबाद में देर रात बड़ा हादसा हो गया। नशे में धुत होकर कार चला रहे कुछ युवकों की तेज रफ्तार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सीधे तीन गरीब परिवारों के कच्चे मकानों में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए और परिवारों का लाखों रुपये का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक शराब के नशे में थे और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए गांव में घुस आए, जिससे यह बड़ा नुकसान हुआ।
पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों का कहना है कि हादसे में उनका सब कुछ बर्बाद हो गया है और बिना सहायता के घरों का पुनर्निर्माण करना संभव नहीं है।