Loading...

कीटनाशक छिड़काव से कई छात्र-छात्राएं बीमार, प्रशासन सतर्क

Gargachary Times 28 July 2025, 22:30 278 views
Bulandshahr
कीटनाशक छिड़काव से कई छात्र-छात्राएं बीमार, प्रशासन सतर्क
तहसील स्याना क्षेत्र के गांव कनौना स्थित इंटर कॉलेज में कीटनाशक दवा के छिड़काव के बाद कई छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। घटना के तुरंत बाद कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी बच्चों को स्याना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों द्वारा सभी बच्चों का प्राथमिक परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उपचार प्रदान किया गया। कई छात्राओं के उपवास रखने की भी जानकारी सामने आई, जिससे उनकी तबीयत अधिक प्रभावित हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी श्रुति एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर भर्ती छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि किसी भी बच्चे के उपचार में कोई कोताही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं के परिजनों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालय से घटना का स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। साथ ही जिला कृषि रक्षा अधिकारी को भी निर्देशित किया गया कि कीटनाशक बेचने वाली दुकान की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। इस मौके पर सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे, उप जिलाधिकारी स्याना, सीओ, प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
Follow Samachar24