उत्तर प्रदेश में एक करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य लेकर चले:- केशव प्रसाद मौर्य
Gargachary Times
22 November 2025, 20:31
311 views
Lucknow
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उत्तर प्रदेश में एक करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित करें और इसके लिए सभी अधिकारी बैठक कर ठोस व प्रभावी रणनीति बनायें। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के अंदर क्रांति लाना है। उन्होंने कहा कि जो स्वयं सहायता समूह खाद्य प्रसंस्कृत सामग्री बना रहे हैं,उनकी जिलावर सूची बनाकर उन्हें खाद्य प्रसंस्करण विभाग से जोड़कर नियमानुसार सब्सिडी दिलाई जाए। 8 हजार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रधानमंत्री सूक्ष्य खाद्य उद्योग उन्नयन योजना में लाभान्वित कराया गया है।उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नये समूहों के गठन का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जाए तथा जो समूह सक्रिय नहीं है, उन्हें सक्रिय किया जाए।जिन समूहों को रिवाल्विंग फंड नहीं दिया गया है, उन्हें तत्काल दिलाया जाए। 31 दिसंबर तक रिवाल्विंग फंड हर हाल में चला जाए।जिलों में स्वयं सहायता समूह को दी जाने वाली धनराशि का समय से व्यय कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योजना में व प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता स्पष्ट रूप से झलकनी चाहिए।जिलों में धनराशि व्यय की गति बढ़ाई जाए।उन्होंने कहा जिला मिशन मैनेजर व ब्लॉक मिशन मैनेजर के कार्यों की गति दोगुनी होनी चाहिए।राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम एस आई आर डी में ही कराये जांए।प्रशिक्षण के लिए इम्पैनल्ड प्राइवेट कंपनियों को निरस्त किया जाए।डी एम एम व बी एम एम की कार्यशाला आयोजित की जाए।ग्राम्य विकास विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को और अधिक सक्रिय किया जाए।श्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार कोदेर सायं अपने कैंप कार्यालय 7- कालिदास मार्ग पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
समीक्षा मे पाया गया कि मानव दिवस सृजन , मनरेगा मजदूरों के ससमय भुगतान व अमृत सरोवरों के निर्माण आदि मे उत्तर प्रदेश ,देश में टॉप पर है। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला मिशन प्रबंधको व ब्लॉक मिशन प्रबंधको की एक कार्यशाला आयोजित की जाए और सभी जिला मिशन प्रबंधको व ब्लॉक मिशन प्रबंधको को समूहों के गठन, संचालन व सक्रिय करने हेतु लक्ष्य निर्धारित किया जाए। लक्ष्य हासिल न करने वाले डी एम एम व बी एम एम का मानदेय रोका जाए। कहा कि राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन व खाद्य प्रसंस्करण विभाग एक दूसरे के पूरक हैं तथा इसी प्रकार एस आई आर डी व एस आर एल एम भी एक दूसरे के पूरक हैं।यह विभाग समन्वय बनाकर काम करें।उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए की "मेगा सखी दिवस" आयोजित करने का प्लान बनाया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विकास खण्डो के आवासीय व अनावासीय भवनो के प्रस्ताव भेजे जाएं।ग्राम चौपालें ग्रामीणों की समस्याओं निदान के लिए बहुत ही उपयोगी सिद्ध हो रही हैं।चौपालों का आयोजन बहुत ही व्यवस्थित तरीके से किया जाए।जहां पर उपमुख्यमंत्री जी ग्राम चौपाल करेंगे,उसे सभी ग्राम चौपाल से लिंक करते हुए लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्राम्य विकास विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को और अधिक सक्रिय किया जाए। सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक दूसरे से समन्वय बनाकर काम करें। उप मुख्यमंत्री की ग्राम चौपाल को सभी चौपाल से लिंक करते हुए सोशल मीडिया पर लाइव दिखाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, इसमें मनरेगा के श्रमिक व स्वयं सहायता समूहो की सखियों को भी बुलाया जाए। मिशन कर्मयोगी के तहत एस आई आर डी में कार्यक्रम कराया जाए, जिसमें विकास विभाग के जुड़े लोगों को बुलाया जाए।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना -ग्रामीण में सर्वे में 58 लाख से अधिक पात्र लोग पाए गए, इनका वेरिफिकेशन का कार्य कर लिया गया है, आवासों की मांग भी भारत सरकार से कर ली गई है। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना -ग्रामीण व मुख्यमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के लाभार्थियों को पीएम सूर्य घर योजना से लाभान्वित करने का प्रयास किया जाए। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन लोगों को राजस्व विभाग से आवास के लिए पट्टे पर जमीन दी जा रही है,उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना -ग्रामीण व मुख्यमंत्री आवास योजना -ग्रामीण से लाभान्वित करने के लिए राजस्व व ग्राम्य विकास विभाग संयुक्त रूप से बैठक कर समुचित निर्णय लेकर अवगत करायें।
बताया गया कि उत्तर प्रदेश मानव दिवस सृजन में देश में टॉप पर है,इस वर्ष 16.76 करोड़ मानव दिवस सृजित किए गए हैं, बिहार दूसरे वआंध्र प्रदेश तीसरे स्थान पर है।मनरेगा में ससमय 97 प्रतिशत भुगतान कर देश में सबसे आगे है, जबकि भुगतान का राष्ट्रीय औसत 96% है।2025- 26 में 22.48 लाख महिला श्रमिकों को मनरेगा में काम देकर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई है। स्वयं सहायता समूहो के बीच से महिला मेटों का चयन किया गया है और 31204 महिला मेटो को मनरेगा में काम दिया गया है और इन्हें रू 101.4 करोड़ का भुगतान किया गया है। 19110 अमृत सरोवर बनाकर उत्तर प्रदेश,देश में सबसे आगे है। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अमृत सरोवरों के रखरखाव की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, इसके लिए यथोचित प्रपोजल बनाकर भेजा जाए।
बैठक में महानिदेशक राज्य ग्राम्य विकास संस्थान श्री एल0 वेंकटेश्वर लू,प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग श्री सौरभ बाबू,आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग श्री जी एस प्रियदर्शी, विशेष सचिव ग्राम्य विकास विभाग श्री जयनाथ यादव, निदेशक ग्रामीण अभियंत्रण विभाग श्री इशम सिंह, अपर आयुक्त मनरेगा श्री अमनदीप डुली , संयुक्त मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन श्री जन्मेजय शुक्ला, उपायुक्त मनरेगा श्री चंद्रशेखर ,सहायक आयुक्त श्री विनायक सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।