Loading...

पांच साल की चोरी हुई बच्ची को पुलिस ने किया बरामद, पुलिस ने बच्ची के अपहरणकर्ता को भी किया गिरफ्तार

Gargachary Times 22 November 2025, 20:41 233 views
Mathura
पांच साल की चोरी हुई बच्ची को पुलिस ने किया बरामद, पुलिस ने बच्ची के अपहरणकर्ता को भी किया गिरफ्तार
एक सप्ताह पूर्व प्रसिद्ध गौरीगोपाल आश्रम से चोरी हुई पांच वर्षीय बालिका को पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से सकुशल बरामद कर लिया है।पुलिस ने बच्ची का अपहरण करने वाले युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को सकुशल पाकर माता पिता के चेहरे खुशी से चमक उठे। यहां बताते चले कि अलीगढ़ टप्पल के रहने वाले राम उर्फ रामकुमार की पत्नी और मां बीते 12 नवंबर को वृन्दावन घूमने आए थे। बताया जाता है कि प्लम्बिंग का काम करने वाला राम जब काम की तलाश में गया था,तो उसकी पत्नी सोनिया और मां प्रसिद्ध गौरी गोपाल आश्रम में घूमने चले गए। उसी दौरान एक अज्ञात युवक मौका पाकर उसकी पांच वर्षीय बेटी जया को उठाकर कर ले गया। कुछ देर बाद जब सोनिया को उसकी बेटी नहीं मिली तो उन्होंने आसपास ढूंढने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शहर की सड़को पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया, जिसमें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया।इसके बाद युवक के हुलिए के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए बच्ची को रेलवे लाइन कच्चे रास्ते से सकुशल बरामद कर लिया है।पुलिस ने बच्ची को चोरी करने वाले अभियुक्त लकी पुत्र बबलू निवासी मध्य प्रदेश को आवश्यक कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस टीम की सराहना की है।
Follow Samachar24