राजकीय महाविद्यालय से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगी गुणवत्ता परक शिक्षा: योगेंद्र उपाध्याय
Gargachary Times
23 November 2025, 18:53
260 views
Agra
आगरा। आगरा जनपद से 70 किलोमीटर दूर बाह विधानसभा के बटेश्वर सिधावली में राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्मस्थली बटेश्वर के नजदीक सिंघावली में 1435.42 लाख की लागत से बहु मंजिला राजकीय महाविद्यालय बनाया जाएगा। इस महाविद्यालय के बनने से ग्रामीण क्षेत्र के उन हजारों छात्रों को लाभ मिलेगा जो अभी तक उच्च शिक्षा के लिए आगरा आना पड़ता था। स्थानीय विधायक रानी पक्षालिका सिंह के साथ कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से राजकीय महाविद्यालय की नींव रखी। गौरतलब है कि जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर होने की वजह से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए अभी तक आगरा के अलावा अन्य जनपदों में जाना होता था। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में उच्च शिक्षा के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी की जन्मस्थली के नजदीक राजकीय महाविद्यालय बनने से उच्च शिक्षा के नए आयाम खुलेंगे जिससे शिक्षा का प्रचार और विस्तार होगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा प्रदेश की योगी सरकार हर क्षेत्र के सतत विकास के लिए संकल्पित है। आज प्रदेश में निजी विश्वविद्यालय के साथ सरकारी विश्वविद्यालय रैंकिंग में नया कीर्तन बना रहे हैं। अब प्रदेश में पिछली सरकारों की तरह नकल और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होती है। युवाओं को रोजगार परक सस्ती और सुलभ गुणवत्ता परक शिक्षा देना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक रानी पक्षालिका सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता और उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी स्थानीय लोग मौजूद रहे।