रोटरी क्लब ने लगाया हेल्थ कैंप, 150 मरीजों की हुई जांच
Gargachary Times
23 November 2025, 21:13
193 views
Firozabad
फिरोजाबाद। रोटरी क्लब फिरोजाबाद की ओर से दिल्ली स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, साकेत के सहयोग से रविवार को एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 150 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया। हृदय रोग और हड्डी रोग से संबंधित परामर्श के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पूरे समय मौजूद रही।
कैंप का शुभारंभ रोटरी क्लब के अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन, क्लब के पूर्व गर्वनर लक्ष्मीकांत बंसल और रोटरी क्लब की सदस्य कल्पना राजौरिया ने संयुक्त रूप से किया। दीप प्रज्ज्वलन के बाद अतिथियों एवं चिकित्सकों का स्वागत किया गया।
शिविर शुरू होते ही मरीजों की कतारें लग गईं। क्लब सदस्यों ने पंजीकरण, जांच और परामर्श की पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अकेबा कुमार ने मरीजों के ईसीजी, ब्लड प्रेशर व अन्य प्राथमिक जांचें देखने के साथ हृदय संबंधी बीमारियों के शुरुआती संकेतों और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशल शर्मा ने हड्डियों की जकड़न, जोड़ों के दर्द, बढ़ती उम्र में कैल्शियम की कमी और आधुनिक उपचार विधियों को समझाते हुए मरीजों का परामर्श किया।
शिविर में शुगर, बीपी, बोन डेंसिटी चेकअप, ई सी जी सहित कई जांचें निःशुल्क की गईं।
मरीजों ने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे परामर्श मिलना उनके लिए बेहद उपयोगी रहा। आयोजनकर्ताओं का मानना था कि ऐसे शिविर समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
रोटरी क्लब अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन ने कहा, “हमारा उद्देश्य शहर के अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पूर्व गर्वनर लक्ष्मीकांत बंसल ने बताया, “रोटरी क्लब हमेशा सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है। मैक्स हॉस्पिटल साकेत के सहयोग से आयोजित यह शिविर बेहद सफल रहा और लोगों को इसका सीधा लाभ मिला है।” रोटरी क्लब सदस्य कल्पना राजौरिया ने कहा, 150 से अधिक मरीजों ने न केवल अपनी जांच कराई, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी प्राप्त की। लोगों की भागीदारी बताती है कि ऐसे शिविर समय की जरूरत हैं। महिलाओं को 45 की उम्र के बाद हड्डी की जांच कराते रहने चाहिए। इस दौरान ललितेश जैन, अनूप जिंदल, नरेश बंसल आदि मौजूद रहे।