एसआईआर को लेकर जिलाधिकारी ने ली बैठक
Gargachary Times
24 November 2025, 19:20
106 views
Mathura
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर वर्तमान में गतिशील निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित किए जाने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील छाता के सभागार में बैठक ली। विधानसभा छाता 81 में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एस0आई0आर0) अभियान में लगाए गए बी0एल0ओ0, सुपरवाइजर तथा अन्य नोडल व सह नोडल अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित सुपरवाइज़रों को निर्देशित किया कि बी0एल0ओ0 के माध्यम से गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही प्राप्त अभिलेखों की पोर्टल पर शत-प्रतिशत त्रुटिरहित फीडिंग कराए जाने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित कार्यों की सतत निगरानी करते हुए समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बी0एल0ओ0 को मतदाताओं से गणना प्रपत्र ससमय एकत्रीकरण करने हेतु प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में स्कूल व कॉलेजों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, छात्र छात्राओं आदि का सहयोग भी लिया जा रहा है। प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों द्वारा बच्चों के अभिभावकों को गणना प्रपत्र ससमय भरकर बी0एल0ओ0 को उपलब्ध कराने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है। छात्र छात्राओं द्वारा अपने घरवालों, पड़ोसियों, रिश्तेदारों तथा आस पास के क्षेत्र के लोगों को गणना प्रपत्र भरने में मदद की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा है कि गणना प्रपत्र भरवाने में मदद करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशासन द्वारा फ्री मूवी दिखवाई जाएगी तथा एक टी शर्ट दिलवाई जाएगी। जिलाधिकारी ने तहसील सभागार में विभिन्न कॉलेजों से आए बच्चों को 40000 गणना प्रपत्र भरवाने में मदद करने हेतु प्रोत्साहित किया तथा बी0एल0ओ0 को एकत्रीकृत कराने का लक्ष्य दिया। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता को कहा कि यदि वे प्रतिदिन 40000 गणना प्रपत्र का कार्य पूर्ण करते हुए फीडिंग कराना सुनिश्चित करेंगे तो, जिलाधिकारी द्वारा अपने वेतन से रुपए 5100 उन्हें दिए जायेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता, डीसी मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय सहित संबंधित बी0एल0ओ0, सुपरवाइजर तथा अन्य नोडल व सह नोडल अधिकारी मौजूद रहे।