Loading...

कैंसर जागरूकता पखवाड़ा के तहत जन जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

Gargachary Times 26 November 2025, 21:23 182 views
Firozabad
कैंसर जागरूकता पखवाड़ा के तहत जन जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
फिरोजाबाद। कोमल फाउंडेशन द्वारा एवं वात्सल्य, लखनऊ और फोरम फॉर एडवांसिंग वूमेन एजेंडा (फावा) के संयुक्त तत्वाधान में कैंसर जागरूकता पखवाड़ा के तहत जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा पठानान के परिसर में महिला समूह के बीच किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना और इसके रोकथाम के उपायों पर चर्चा करके लोगों को जानकारी देना है। कैंसर के बारे में जन जागरूकता हेतु महिलाओं को पत्रक का विवरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापिका कल्पना राजौरिया ने स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि स्तन कैंसर स्तन की कोशिकाओं में होने वाली एक गंभीर लेकिन शुरुआती दौर में एक इलाज योग्य बीमारी है । भारत में अक्सर यह 40 वर्ष से ऊपर उम्र की महिलाओं को होता है लेकिन कभी-कभी यह किसी भी उम्र में हो सकता है यह ग्रामीण क्षेत्र के मुकाबले शहरी क्षेत्र की महिलाओं में अधिक होता है और एक प्रतिशत स्तन कैंसर पुरुषों को भी हो सकता है। उन्होंने स्तन कैंसर के लक्षण एवं उसके बचाव के बारे में भी जानकारी प्रदान की। डॉ सीमा भारद्वाज ने गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गर्भाशय की ग्रीवा (सर्विक्स) की कोशिकाओं में सामान्य वृद्धि और संक्रमण के कारण होता है यह कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण से मुख्य रूप से जुड़ा हुआ है। यह शुरुआती चरणों में पहचानने योग्य और पूरी तरह से रोका जा सकने वाला कैंसर है इस संक्रमण के पश्चात कैंसर बनने तक 8 से 10 वर्ष का समय लगता है इस समय में इसे पहचान कर समुचित इलाज संभव है। कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्विनी राजौरिया ने कहा कि तंबाकू सेवन से न सिर्फ कैंसर अपितु दिल, फेफड़े और पाचन तंत्र संबंधी बीमारियां होने के साथ यह गर्भस्थ शिशु पर भी विपरीत प्रभाव डालता है। मुंह के कैंसर अनेक स्थानों जैसे होठ, जीभ, मुंह के अंदर और गले के भीतर भी हो सकता है तंबाकू का धुआं न सिर्फ पीने वाले बल्कि आस- पास बैठे लोगों पर भी असर डालता है। दुनिया में दस में से एक मृत्यु तंबाकू की वजह से होती है। उन्होंने मुंह के कैंसर के लक्षण और बचाव के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की। जो महिलाएं तंबाकू का सेवन करती हैं उन्हें तंबाकू का सेवन ना करने के लिए भी अपील की।उन्होंने सभी से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान कोमल फाउंडेशन के वालंटियर अनिल कुमार वर्मा, अमित मिश्रा लाखन सिंह, तान्या सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Follow Samachar24