SIR के दौरान बीएलओ मानसिक प्रताड़ना के शिकार, 25 से अधिक मौतें
Gargachary Times
1 December 2025, 18:12
99 views
Lucknow
मतदाता सूची सत्यापन के दौरान अत्यधिक सरकारी दबाव, असमान कार्यशैली और लगातार मानसिक प्रताड़ना के चलते देशभर में अब तक 25 से अधिक बूथ स्तर अधिकारी (बी॰एल॰ओ॰) की मौतों को आम आदमी पार्टी ने गंभीर संवैधानिक संकट बताया है। इन्हीं घटनाओं के विरोध और दिवंगत अधिकारियों को श्रद्धांजलि देने हेतु आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह के निर्देश पर आज प्रदेश के सभी जिलों में श्रद्धांजलि सभाएँ आयोजित की गईं।
इसी क्रम में लखनऊ में यह श्रद्धांजलि सभा शहीद स्मारक निकट रेजिडेंसी भवन पर आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी की उपस्थिति तथा जिला अध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मोमबत्ती जलाकर मृत बी॰एल॰ओ॰ को श्रद्धांजलि दी ।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी ने कहा कि बीएलओ की ये मौतें कोई सामान्य घटना नहीं हैं, बल्कि सरकार की सोची-समझी दमनकारी नीति का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार मतदाता सूची में हेरफेर कर अपनी सत्ता बचाने के लिए बीएलओ को अमानवीय परिस्थितियों में काम करने पर मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी मांग करती है कि सभी मृत बीएलओ के परिजनों को ₹1करोड़ मुआवज़ा और एक सदस्य को तत्काल सरकारी नौकरी दी जाए तथा पूरी घटना की उच्च-स्तरीय न्यायिक जाँच हो।
प्रिंस सोनी ने कहा कि यह मौतें केवल मज़दूरों, शिक्षकों या सरकारी कर्मचारियों की मौत नहीं हैं—यह लोकतांत्रिक ढांचे और मताधिकार की जड़ें हिलाने वाली घटनाएँ हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की चुप्पी सिद्ध करती है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में किया गया सुनियोजित हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मौतों का सिलसिला नहीं रुका तो आम आदमी पार्टी प्रदेश में आंदोलन शुरू करेगी।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि देश के बीएलओ बिना साधन, बिना सुरक्षा और बिना मानवीय व्यवहार के “मतदाता सूची सत्यापन” के नाम पर जान गंवा रहे हैं, और सरकार शर्मनाक तौर पर मौन है। उन्होंने कहा कि इन मौतों की जिम्मेदार वही व्यवस्था है जो कर्मचारियों को इंसान नहीं, उपकरण समझती है। इरम रिज़वी ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ़ कर्मचारियों की नहीं बल्कि लोकतंत्र की सुरक्षा की लड़ाई है और यह तब तक जारी रहेगी जब तक जवाबदेही तय नहीं होती।
आप नेत्री प्रियंका श्रीवास्तव ने कहा मोदी और चुनाव आयोग की मिलीभगत से SIR एक चुनावी घोटाला है इसमें दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के बहुतायत में वोट काटे जा रहे हैं । यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है ।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी, जिला अध्यक्ष लखनऊ इरम रिजवी,प्रियंका श्रीवास्तव,
पी.के बाजपेयी, ललित वाल्मीकि
मुर्तजा,प्रीतपाल सिंह सलूजा,
बलराम साहनी, सुधीर पटेल
अंगद,दीपक, आदित्य यादव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।