दाऊजी मंदिर पर सजा छप्पन भोग और फूल बंगला
Gargachary Times
4 December 2025, 19:31
174 views
Agra
आगरा। दाऊजी की पूर्णिमा का पर्व ताजगंज के कटरा जोगीदास के श्री दाऊजी महाराज खाटूश्याम मंदिर पर पारंपरिक भव्यता के साथ मनाया गया। अध्यक्ष राजू गोयल ने बताया कि मंदिर में भक्तो ने दाऊजी महाराज का दुग्ध अभिषेक के साथ भाव से छप्पन भोग लगाया और फूल बांग्ला सजाया गया। भक्तों द्वारा मुकुट, कुण्डल और हल अर्पण किया गया। श्री दाऊजी महाराज के साथ ही मंदिर में प्रतिष्ठापित सभी देवी-देवताओं ने विशेष श्रृंगार और पोशाक धारण की।
सचिव मयंक अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं ने दाऊजी महाराज के सम्मुख उनका पसंदीदा मक्खन-मिस्री का भोग प्रस्तुत किया। शीतकालीन सतरंगी पोशाक में सजे दाऊजी महाराज के भव्य दर्शनों के लिए जयकारे संग श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लगा रहा। पूर्णिमा के विशेष अवसर पर दूधिया रोशनी से जगमगाते मंदिर परिसर में ताजे फूलों से आकर्षक सजावट की गई। मंदिर के महंत पिंटू मिश्रा दाऊजी महाराज की सेवा में लीन रहे। सभी भक्तो ने शाम को दाऊजी महाराज की भजन संध्या और महाआरती कर सुख समृद्धि की कामना की ।