ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में ग्राम विकास अधिकारी संगठन का फरह ब्लॉक पर धरना, बड़े आंदोलन की चेतावनी
Gargachary Times
5 December 2025, 17:58
81 views
Mathura
ग्राम विकास अधिकारी संगठन ने सरकार द्वारा लागू की जा रही ऑनलाइन अटेंडेंस प्रणाली के विरोध में फरह ब्लॉक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि यह व्यवस्था उनके कार्यक्षेत्र और ग्रामीण कार्यप्रणाली को समझे बिना थोपी जा रही है, जिसके कारण वे पिछले चार दिन से सांकेतिक हड़ताल पर हैं।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली ग्रामीण क्षेत्रों की कार्यशैली के अनुकूल नहीं है और इसे लागू करने से उनके फील्ड कार्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। संगठन के पदाधिकारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि निर्देशक पंचायत का भी इस निर्णय पर स्पष्ट विरोध है। उन्होंने कहा कि जब तक ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को वापस नहीं लिया जाता, तब तक संगठन के कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहेंगे।हड़ताल के पांचवें दिन शुक्रवार की सुबह 11:00 बजे तक भी समाधान न निकलने पर कर्मचारियों ने आगे की रणनीति तैयार करते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को बड़े स्तर पर विस्तारित किया जाएगा। संगठन ने सरकार से अपील की है कि कर्मचारियों की वास्तविक परिस्थितियों को समझते हुए निर्णय लिया जाए, जिससे ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित न हों। इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी,गोपाल सिंह, राजेंद्र सिंह,राजेश कुमार,हरविंद्र सिंह राम कुमार, मेंबर सिंह आदि ने प्रभारी विकास खंड अधिकारी विजय कुमार सारस्वत को ज्ञापन दिया।