एसआईआर के अन्तर्गत कल चलेगा विशेष अभियान, मतदान केन्द्र व मतदाता हेल्प डेस्क पर बीएलओ व सुपरवाइजर रहेंगे मौजूद
Gargachary Times
6 December 2025, 20:59
139 views
Agra
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने तहसील सदर स्थित सभागार में एसआईआर के अंतर्गत कल दिनांक 07.12.2025 दिन रविवार को “विशेष अभियान“ चलाए जाने के सम्बंध में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि कल 07.12.2025 दिन रविवार को एसआईआर के “विशेष अभियान“ के अंतर्गत मतदाता गणना पत्रों के संकलन हेतु सभी बीएलओ, सुपरवाइजर द्वारा सुबह से अपने बूथ व मतदाता हेल्प डेस्क पर मौजूद रहकर गणना प्रपत्र संकलन का कार्य किया जायेगा। गणना प्रपत्र जमा करने की अन्तिम तिथि 11 दिसम्बर के दृष्टिगत गणना प्रपत्र संकलन का यह अन्तिम विशेष अभियान होगा।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता अपना नाम, एपिक नंबर आदि भरकर,हस्ताक्षर, अंगूठा निशानी करके बीएलओ को दे दें, जिससे कि उनका नाम मतदाता ड्राफ्ट में आ जाए।। मतदाता सूची- 2003 संबंधी जानकारी, मैपिंग आदि बीएलओ, सुपरवाइजर द्वारा पूर्ण कर दी जाएगी। अंतिम तिथि 11 दिसंबर तक जिन मतदाताओं द्वारा फार्म नहीं भरा जाएगा, उनका नाम ड्राफ्ट में शामिल नहीं किया जाएगा। अतः अंतिम दिन तक प्रतीक्षा न करें, बीएलओ को अपना गणना पत्र तत्काल सौंपना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि गणना अवधि 11.12.2025 तक, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 16 दिसम्बर तक, दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त करने की अवधि 16 दिसम्बर से 15.01.2026 तक, नोटिस चरण,गणना प्रपत्रों पर निर्णय,दावे आपत्तियों का निस्तारण 07.02.2026 तक तथा 14.02.2026 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन होगा।
जिलाधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों के बीएलए से भी अपील की है कि वह कल अपने क्षेत्र के बीएलओ के साथ समन्वय कर गणना पत्र संकलन में सक्रिय सहयोग करें, जिलाधिकारी ने बताया कि ऐसे मतदाता जिनका बीएलओ, सुपरवाइजर, नोडल अधिकारी आदि के विशेष प्रयास के बाद भी सम्पर्क नहीं हो पाया है, उनकी सूची मतदान केन्द्र व मतदाता हेल्प डेस्क पर चस्पा करने के निर्देश दिए गये हैं, राजनैतिक दलों के बीएलए ऐसे मतदाताओं को चिन्हित, सम्पर्क करने में अपना सहयोग करें, जिससे कि उनका गणना पत्र भर कर डिजिटाइज कराया जा सके। जिलाधिकारी ने कल विशेष अभियान के अन्तर्गत जनपद के सभी बूथों के साथ शहरी क्षेत्र की विधानसभाओं पर गणना पत्र के संकलन में विशेष जोर देने तथा विशेष अभियान की प्रभावी मॉनीटरिंग हेतु जिलास्तरीय अधिकारियों की बूथवार भी नामित किया गया है।