Loading...

लखनऊ में भिक्षावृत्ति से मुक्ति एवं पुनर्वास हेतु संचालित कार्यक्रम

Gargachary Times 7 December 2025, 19:33 176 views
Lucknow
लखनऊ में भिक्षावृत्ति से मुक्ति एवं पुनर्वास हेतु संचालित कार्यक्रम
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की स्माइल परियोजना के अंतर्गत उम्मीद संस्था द्वारा लखनऊ में भिक्षावृत्ति से मुक्ति एवं पुनर्वास हेतु संचालित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन लखनऊ एवं समाज कल्याण विभाग के सहयोग से निरंतर किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में “भिक्षा से स्वावलंबन की ओर” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एवं भारतीय टीम के चयनकर्ता श्री आर. पी. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही प्रमुख सचिव, श्रम विभाग उत्तर प्रदेश श्री एस. के. सुंदरम, एमएलसी श्री पवन सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ श्री अजय जैन, तथा उम्मीद संस्था के संस्थापक एवं सचिव श्री बलबीर सिंह मान समेत अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान यह बताया गया कि उम्मीद संस्था के प्रयासों से भिक्षावृत्ति छोड़ चुके व्यक्तियों में से— 31 लोग नगर निगम में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत, 5 लोग चार पहिया वाहन चालक, 3 महिलाएँ ब्यूटी पार्लर में कार्यरत, तथा 1 महिला द्वारा स्वयं का स्टार्टअप प्रारम्भ किया गया है। देश में पहली बार 16 पूर्व भिक्षावृत्ति में संलग्न लोग Zomato जैसे मंचों से जोड़े गए, जिन्हें मंच पर सम्मानित भी किया गया। इसके अतिरिक्त डॉ. अजय कुमार (संस्थापक, नेल्सन हॉस्पिटल) एवं समाजसेवी श्री सुमित मित्तल को कार्यक्रम में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्री आर. पी. सिंह ने भिक्षावृत्ति छोड़ चुके प्रतिभागियों एवं बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख किया और परिश्रम एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी इस अभियान से जुड़कर देश को भिक्षामुक्त बनाने में योगदान देंगे। प्रमुख सचिव, श्रम विभाग श्री एस. के. सुंदरम ने आश्वस्त किया कि श्रम विभाग इस अभियान से जुड़कर बच्चों को शिक्षा तथा वयस्कों को रोजगार से जोड़ने में सहयोग बढ़ाएगा। मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ श्री अजय जैन ने जनपद लखनऊ में चल रहे भिक्षामुक्त लखनऊ अभियान की प्रगति साझा की तथा अधिक से अधिक लोगों को स्टार्टअप एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने की अपील की। एमएलसी श्री पवन सिंह चौहान ने रोजगार प्राप्त कर रहे लाभार्थियों को समर्थन देने का संकल्प व्यक्त किया तथा इस अभियान में अधिकतम सहयोग की अपील की।
Follow Samachar24