आगरा में महिला संविदा परिचालक की विशेष भर्ती 15 को
Gargachary Times
12 July 2025, 21:07
102 views
Agra
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिला सशक्तिकरण अभियान एवं महिला सम्मान की दिशा में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम प्रदेश भर में महिला परिचालकों की भर्ती अभियान चला रखा है। जिसके क्रम में आगरा परिक्षेत्र में महिला भर्ती संविदा परिचालक रोजगार मेले का आयोजन 15 जुलाई को प्रातः 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित आरएम कार्यालय में किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने बताया कि महिला परिचालक बनने के इच्छुक भर्ती के दिन क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, 96 ग्वालियर रोड आगरा पर स्वयं उपस्थित होकर आवेदन देकर भाग ले सकते हैं। इसमें उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड को प्राथमिकता मिलेगी। महिला अभ्यर्थी की शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट उत्तीर्ण व कंप्यूटर में सीसीसी प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु न्यूनतम 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु 40 वर्ष अनुसूचित जाति व जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिये आयु सीमा में शासनादेश नियमानुसार छूट अनुमन्य होगी। इंटरमीडिएट के प्राप्तांकों की मेरिट के आधार पर भर्ती होगी। महिला अभ्यर्थी की अधिमानी अर्हता के रूप में एनसीसी बी प्रमाण पत्र, भारत स्काउट एवं गाइड संस्था के राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाण पत्र धारक महिला अभ्यर्थियों को इण्टरमीडिएट में प्राप्त प्राप्तांकों पर पांच प्रतिशत का वेटेज देते हुए, मेरिट का निर्धारण किया जायेगा। एनएसएस प्रमाण पत्र धारक में भी समान कार्यवाही की जायेगी। सीधे अनुबन्ध पर आबद्ध की जाने वाली महिला अभ्यर्थियों को, वर्तमान में प्रचलित संविदा परिचालकों हेतु अनुमन्य पारिश्रमिक दरों एवं प्रोत्साहन का भुगतान समान दर से किया जायेगा।