Loading...

अटूट श्रद्धा : पोशाक अर्पण रथयात्रा में जयकारों से गुंजायमान हुआ मार्ग

Gargachary Times 13 December 2025, 21:38 262 views
Agra
अटूट श्रद्धा : पोशाक अर्पण रथयात्रा में जयकारों से गुंजायमान हुआ मार्ग
आगरा। हाथों में बड़े-बड़े निशान। रथयात्रा में खाटू श्याम की पोशाक को निहारते भक्त। जुबां पर जय श्री श्याम के साथ हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा के गूंजते जयघोष के बीच ताजनगरी खाटू वाले श्याम के रंग में रंग गई। कुछ ऐसा ही अलौकिक दृश्य रहा श्री श्याम लाडला परिवार सेवा समिति की ओर से रावतपाड़ा से निकाली गई पोशाक अर्पण रथयात्रा का। अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने बताया कि सातंवे वार्षिकोत्सव पर 14 दिसम्बर को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन में सात कन्याओ का सामूहिक विवाह समारोह और 15 को चित्र विचित्र महाराज द्वारा श्याम संकीर्तन के लिए रथयात्रा निकाल सभी श्यामप्रेमियो को कार्यक्रम में आने का आमंत्रित किया। यात्रा में सर्वप्रथम विघ्नहतां गणेश जी, महाकाल की पालकी, भैरव बाबा की झांकी, श्री रामचंद्र जी की झांकी, मां चामुंडा देवी की झांकी और राधा कृष्ण की झांकियां निकाली गयी। समिति ने सात देव स्थानों में खाटूश्याम (सीकर व आगरा), महाकाल (उज्जैन), बांके बिहारी (वृन्दावन), मैया नरी सैमरी, मन:कामेश्वर नाथ और श्री श्याम संकीर्तन के लिए पोशाक अर्पण की। खाटू श्याम के डोले का जगह-जगह फूल वर्षा कर स्वागत किया गया। महामंत्री राजीव अग्रवाल व सौनेन्द चौहान ने बताया कि यात्रा मनकामेश्वर मंदिर से जौहरी बाजार, दरेसी, बांस का बाजार, पथवारी, बेलनगंज होते जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर पर आकर समाप्त हुई। रावत पाड़ा, कचहरी घाट, छत्ता बाजार और जीवनी मंडी पर बनारस के घाट की तर्ज पर आरती हुई। खाटू श्याम मंदिर पर बने तोरण द्वार पर शंखनाद के साथ अलौकिक रूप में सजे खाटू श्याम जी की आरती की गई और पोशाक अर्पण की। श्याम बाबा का श्रृंगार सोनू गोयल ने किया।
Follow Samachar24