Loading...

सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक का अधिकार: कल्पना राजौरिया

Gargachary Times 16 December 2025, 07:31 167 views
Firozabad
सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक का अधिकार: कल्पना राजौरिया
अंतरराष्ट्रीय हेल्थ कवरेज दिवस पर कटरा पठानान के विद्यालय में जागरूकता शिविर फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज दिवस के अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा पठानान में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रा​धिकरण के सचिव अतुल चौधरी के निर्देशन में आयोजित शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य सुविधाओं और उनसे जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में पराविधिक स्वयंसेविका कल्पना राजौरिया ने छात्र-छात्राओं और उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करना उसका अधिकार है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा कई स्वास्थ्य योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ जरूरतमंद परिवारों को मिल सकता है, लेकिन जानकारी के अभाव में लोग इनसे वंचित रह जाते हैं। छात्रा प्रीतू, इलमा, अर्शी, मानवी, अफला, संजना, लक्ष्मी आदि ने सवाल पूछे। कल्पना राजौरिया ने कहा कि बीमारी के समय सही जानकारी होना बहुत जरूरी है, ताकि समय पर उचित उपचार मिल सके। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की जानकारी रखें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। साथ ही यह भी बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण आम नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करता है और किसी भी समस्या की स्थिति में लोग यहां से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। शिविर के दौरान अभिभावकों द्वारा पूछे गए सवालों का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के उपरांत छात्रों ने एक रैली निकालकर भी जनसामान्य को संदेश दिया । इस दौरान अर्शी अंजुम,अमित मिश्रा, रिहाना, और शाहीन आदि भी मौजूद रहे।
Follow Samachar24