Loading...

सातवें स्थापना दिवस पर भक्ति का विराट उत्सव, श्याम बाबा के दर्शनों को उमड़ी भीड़

Gargachary Times 16 December 2025, 07:37 396 views
Agra
सातवें स्थापना दिवस पर भक्ति का विराट उत्सव, श्याम बाबा के दर्शनों को उमड़ी भीड़
आगरा। रमणीक श्रृंगार में सौ फुट ऊंचे जनक महल में प्रेम मंदिर के स्वरूप में विराजमान खाटू श्याम बाबा | दर्शन के लिए उमड़ता भक्तो का हुजूम। कीर्तन में भक्तिभाव से परिपूर्ण संगीत की मधुर ध्वनि पर झूमते श्यामप्रेमी। श्याम दरबार में एक ओर भजन गायक अपनी स्वर लहरियां बिखेर रहे थे तो दूसरी ओर हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम उनके सुर में सुर मिला कर हौसला अफजाई कर रहा था। यह नजारा था हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान का जहां श्री श्याम लाडला परिवार सेवा समिति की ओर से आयोजित सातवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव और दिव्य छप्पन भोग का आयोजन किया गया। श्री श्याम के जयकारों के बीच कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष नीरज गुप्ता, उपाध्यक्ष विष्णु खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्रांशु अग्रवाल और सोनेंद्र चौहान ने खाटू श्याम के समक्ष अखंड पावन ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया। करोड़ो लोगो के दिलो पर राज करने वाली जोड़ी चित्र विचित्र महाराज ने मंच पर आते ही श्याम बाबा के आगे शीश झुका कर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। पहले भजन दे के चरणों की सेवा मुझे मेरे श्याम मेरी किस्मत बना दीजिये.. से संकीर्तन की शुरुआत की। उसके बाद मुझे रास आ गया है तेरे दर पे सर झुकाना.., जी रहा हूँ कृपा पे तेरी सांवरे.., साँसों की माला पे सिमरूं मैं पी का नाम.., सांवरे को दिल में बसा कर तो देखो.., लिख दी ये जिंदगानी तेरे नाम बांके बिहारी.., परदे में बैठे बैठे यूँ ना मुस्कुराये.., आदि भजन गाये तो श्याम प्रेमी झूम उठे। पटना से आयी भजन गायिका रेशमी शर्मा ने रोती हुई आँखों को मेरे श्याम हंसाते है.., मनमोहना दरबार सावरिया ऐसो साजो प्यारो.., जब कोई नहीं आता तब मेरे श्याम आते है.., ओ बाबा इतनी कृपा मैं तेरी पाती रहूँ.. आदि भजन गाये। मुख्य गायको से पहले भरतपुर से नरेश खत्री, मथुरा से यश सिंघल, बरेली से राम-श्याम और स्थानीय गायक शुभम गोयल ने अपने भजनों से श्याम बाबा को खूब रिझाया। समापन पर श्रद्धालुओं ने खाटू नरेश की महाआरती की। थाईलैंड के फूलों से संगमरमर थीम पर सजाया श्याम दरबार कलकत्ता के पच्चीस कारीगरों द्वारा संगमरमर थीम पर सौ फुट चौड़ा और चालीस फुट ऊँचा दरबार बनाया। दरबार में गणेश जी, महाकाल, रानी सती, सालासर बालाजी, बांके बिहारी जी, श्याम बहादुर महाराज और आलू सिंह जी के सभी ने दर्शन किये। श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार थाईलैंड से आए बेला, चमेली, गेंदा, रजनीगंधा, ऑर्चिड, सफेद और लाल व गुलाब के फूलों से सोनू गोयल ने सजाया। कन्नौज के इत्रों की सुगंध ने पुरे श्याम दरबार को महका दिया। बाबा की अखंड ज्योति और श्याम रसोई का श्याम प्रेमियों ने भक्ति लाभ प्राप्त किया। इस अवसर दीपांशु अग्रवाल, अमित गोयल, शुभम गोयल, विनय अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, महेश अग्रवाल, पंकज कुशवाहा, महेश अग्रवाल, रवि अग्रवाल, अमर गुप्ता, रॉबिन गुप्ता, मनोज गुप्ता, सचिन गर्ग, दीपक अग्रवाल, कुशाग्र अग्रवाल, कपिल वर्मा, अजय शर्मा, टीसा, अनीता, निशा, तनु, मनोरमा, रूबी आदि मौजूद रहे।
Follow Samachar24