आगरा जिला पंचायत,अध्यक्ष मंजू भदौरिया की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागर में सिंचाई बन्धु की बैठक हुई सम्पन्न
Gargachary Times
16 December 2025, 20:18
105 views
Agra
मंजू भदौरिया, जिला पंचायत, अध्यक्ष आगरा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागर में सिंचाई बन्धु की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जनपद आगरा में चल रही महत्वाकांक्षी परियोजना पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियन्ता द्वारा अवगत कराया कि जनपद आगरा में रबी 1433 फसली वर्ष 2025-26 में जनपद आगरा में कुल 79 नग नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य कुल लम्बाई 555.880 कि0मी0 में पूर्ण कराकर सभी नहरों का संचालन जल की उपलब्धता / आवश्यकता एवं रोस्टर के अनुसार किया जा रहा है। वर्तमान में खण्ड की समस्त नहरें संचालित कर नहरी जल द्वारा टेल फीड किये जाने का कार्य किया जा रहा है। नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य पूर्ण हो चुका है, परन्तु नहरों की साइड की पटरियों पर कूडा देखा गया है। जिसका निस्तारण करने तथा चम्बल डाल नहर परियोजना की नहरों की तरह ही अन्य नहरों की सफाई कराने के निर्देश अध्यक्ष द्वारा दिये गये। साथ ही जिन ठेकेदारों द्वारा नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य मानकों के अनुरूप/गुणवत्तापूर्वक नहीं किया गया है, उन ठेकेदारों का भुगतान नहीं करने के भी निर्देश दिये गये।
बैठक में नलकूप विभाग की ओर से उपस्थित सहायक अभियन्ता द्वारा अवगत कराया कि पूरे उत्तर प्रदेश में 1750 ट्यूबवैल लगाये जाने की योजना प्राप्त हुई है। जिसके सापेक्ष जनपद आगरा में बाह एवं पिनाहट क्षेत्र में 15 ट्यूबवैल लगाने का लक्ष्य है। अध्यक्ष द्वारा अधिशासी अभियन्ता के बैठक में प्रतिभाग न किये जाने का कारण जानने पर नलकूप विभाग से उपस्थित सहायक अभियन्ता द्वारा अवगत कराया कि अधिशासी अभियन्ता उपार्जित अवकाश पर हैं, इस पर अध्यक्ष द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये आगामी बैठक में अधिशासी अभियन्ता के प्रतिभाग किये जाने के निर्देश दिये गये तथा विद्युत/यांत्रिक दोष से बन्द नलकूपों को जल्द सही कराने के निर्देश अध्यक्ष द्वारा दिये गये। ताज बैराज, निर्माण खण्ड, आगरा की ओर से उपस्थित सहायक अभियन्ता द्वारा अवगत कराया कि ताज बैराज को बनाने हेतु एन०एम०सी०जी० द्वारा अन्तिम अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने हेतु विभाग द्वारा लगातार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। एन०एम०सी०जी० की अनापत्ति प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
बैठक में सिंचाई खण्ड, हाथरस की ओर से उपस्थित सहायक अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि रबी 1433 फसली वर्ष 2025-26 में सिल्ट सफाई का कार्य पूर्ण कराकर खण्ड की समस्त नहरें संचालित कर नहरी जल द्वारा टेल फीड किये जाने का कार्य किया जा रहा है। नहरों की साइड की पटरियों पर कूड़ा देखा गया है। जिसका प्रोपर निस्तारण करने हेतु अध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया। साथ ही अधिशासी अभियन्ता, सिंचाई खण्ड, हाथरस से अध्यक्ष आगरा द्वारा यह अपेक्षा की गयी कि वह अध्यक्ष हाथरस से समनवय स्थापित कर बैठक की दिनांक में तालमेल करते हुये आगामी सिंचाई बन्धु, आगरा की बैठक में उनके द्वारा प्रतिभाग किये जाने का प्रयास किया जाये। उक्त के परिपेक्ष में सिंचाई खण्ड, हाथरस की ओर से उपस्थित सहायक अभियन्ता को निर्देशित किया गया। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घण्टे विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। प्रातः 07ः00 बजे से 3 घण्टे तथा सायं 07ः00 बजे से 3 घण्टे ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत कटौती की जा रही है। अध्यक्ष द्वारा प्रातः 07 बजे से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत कटौती न करने के निर्देश दिये गये। साथ ही अध्यक्ष द्वारा फीडर सेपरेशन का कार्य जल्द ही पूर्ण कराने, जहाँ ट्रांसफोर्मर खराब हैं उनको जल्द से जल्द बदलवाने, ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घण्टे तथा तहसील स्तर पर 22 घण्टे विद्युत आपूर्ति देने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में लघु सिंचाई विभाग की ओर से उपस्थित अवर अभियन्ता द्वारा अवगत कराया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 47 मध्यम गहरी बोरिंग का लक्ष्य प्राप्त हुआ है जिसके सापेक्ष 18 मध्यम गहरी बोरिंग का कार्य पूर्ण हो गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 37 गहरी बोरिंग का लक्ष्य प्राप्त हुआ है जिसके सापेक्ष 09 गहरी बोरिंग का कार्य पूर्ण हो गया है। अध्यक्ष द्वारा जो बोरिंग पैन्डिंग है उन्हें तत्काल पूर्ण करने के आदेश दिये गये। जल-निगम की ओर से उपस्थित सहायक अभियन्ता द्वारा अवगत कराया कि वर्तमान में कोई भी कार्य नही कराये जा रहे हैं। अध्यक्ष द्वारा जल जीवन मिशन की समीक्षा की गयी जिसमें 89 पुरानी स्कीमों में दुबारा चालू कराने हेतु डारा कम्पनी को निर्देशित किये जाने के निर्देश दिये गये तथा आगामी बैठक में डारा कम्पनी के प्रतिनिध के साथ प्रतिभाग करने के निर्देश अध्यक्ष द्वारा दिये गये।
बैठक में निचली मॉट शाखा खण्ड, मथुरा की ओर से उपस्थित अवर अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि रबी 1433 फसली वर्ष 2025-26 में सिल्ट सफाई का कार्य पूर्ण कराकर खण्ड की समस्त नहरें संचालित कर नहरी जल द्वारा टेल फीड किये जाने का कार्य किया जा रहा है। नहरों की साइड की पटरियों पर कूड़ा देखा गया है। जिसका प्रोपर निस्तारण करने हेतु अध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया।
कृषि विभाग से उपस्थित अधिकारी द्वारा अवगत कराया कि किसान सम्मान निधि की 21 वीं किस्त में 278080 कृषकों को खाते में 550000000 रू० स्थानान्तरित किये गये हैं, 344858 किसान रजिस्टर्ड हैं एवं करीब 31000 किसान आधार फीडिंग नही होने के कारण किसान सम्मान निधि से वंचित हैं। 450000 कृषकों की फॉर्मर रजिस्ट्री बनायी जानी हैं, जिसमें से जनपद आगरा में 226316 कृषकों की फॉर्मर रजिस्ट्री बन कर तैयार हो चुकी हैं, जिसे जनवरी 2026 तक पूरा करना है। वर्ष 2026 में 285 सोलर पम्प लगाये जाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ, जिसकी ऑनलाइन प्रक्रिया चालू है। जिसके अन्तर्गत 2 से 3 एच०पी० के 47, 5 एच०पी० के 120, 7.5 एच०पी० के 78 तथा 10 एच०पी० के 40 सोलर पम्प लगाये जाने हैं। 278 ग्राम पंचायतों में अपराह्न 2ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक किसान पाठशाला संचालित हैं, जिसमें किसानों को तकनीकी जानकारी दी जा रही है। जिसमें ग्राम प्रधान एवं किसान सम्मिलित होते हैं। अध्यक्ष द्वारा ग्राम पंचायतों की लिस्ट उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये गये। प्रधानमंत्री फसल बीमा के अन्तगर्गत रबी में जनपद आगरा में चना, सरसों, आलू एवं गेहूँ का 1.5 प्रतिशत प्रति हैक्टेयर की दर से फसल बीमा किया जा रहा है, जिसकी अन्तिम तिति 31 दिसम्बर है। जिसमें चना की फसल के लिये 1441 रू0 प्रति हैक्टेयर, सरसों की फसल के लिये 1725 रू0 प्रति हैक्टेयर, आलू की फसल के लिये 11200 रू० प्रति हैक्टेयर तथा गेहूँ की फसल के लिये 1326 रू0 प्रति हैक्टेयर की दर से फसल बीमा हेतु रूपया जमा करना पडता है। फसल खराब होने पर 72 घण्टे के अन्दर किसान को टोल फ्री नं0 14447 पर शिकायत दर्ज करानी होती है। प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी 25 दिसम्बर 2025 को आर०बी०एस० कॉलेज, खन्दारी पर किसान दिवस बनाये जाने हेतु बात चल रही है। अध्यक्ष द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में किसान दिवस मनाये जाने के निर्देश दिये गये। 23 दिसम्बर से 27 दिसम्बर तक बटेश्वर में किसान मेला का आयोजन किया जायेगा। सरसों की 25000 मिनी किट 60 प्रतिशत समितियों के माध्यम से 40 प्रतिशत रिटेलर के माध्यम से वितरित की गयी हैं। यूरिया का वितरण 70 प्रतिशत समितियों की माध्यम से तथा 30 प्रतिशत रिटेलर के माध्यम से 266.50 रू0 प्रतिबैग की दर से यूरिया का वितरण किया जा रहा है। जिसका बराबर निरीक्षण किया जा रहा है तथा अन्य अनियमित्तायें पाये जाने पर लाइसेंस निरस्त किये जा रहे हैं।
बैठक में उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि बैठक में मागी जाने वाली सूचना को 08 दिवस के अन्दर उपलब्ध कराया जाये तथा साथ ही विभागों में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रत्येक बैठक में उपलब्ध कराई जाये तथा संचालित योजनाओं के कार्य को मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक कराये जायें। अध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया कि बार-बार कहने पर भी विभागीय अपेक्षित अधिकारियों द्वारा बैठक में प्रतिभाग नही किया जा रहा है। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि बैठक में अपेक्षित अधिकारियों द्वारा ही प्रतिभाग किया जाये। अंत में सभी अधिकारियों का धन्यवाद देते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा डॉ० मंजू भदौरिया, जिला पंचायत, अध्यक्ष द्वारा की गयी
बैठक में विधायक, एत्मादपुर, धर्मपाल सिंह एवं सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, नलकूप विभाग, लघु सिंचाई विभाग, कृषि विभाग एवं जल निगम आगरा, निचली मांट शाखा खण्ड गंगा नहर, मथुरा, सिंचाई खण्ड, हाथरस, वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।