Loading...

योगी सरकार में समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा सरकारी योजनाओं का लाभ

Gargachary Times 20 December 2025, 20:05 125 views
Firozabad
योगी सरकार में समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा सरकारी योजनाओं का लाभ
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार 'अंत्योदय' के संकल्प को चरितार्थ करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद विकास खंड की ग्राम पंचायत असुआ की रहने वाली माया देवी की कहानी इस संकल्प की एक जीवंत मिसाल है। पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद दुख के सागर में डूबी माया देवी के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एक नई रोशनी बनकर आई, जिसने न केवल उनके सिर पर छत दी, बल्कि उनके बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित किया। माया देवी के पति के निधन के बाद उनके जीवन में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। दो छोटे बच्चों के पालन- पोषण की जिम्मेदारी और रहने के लिए कोई पक्का मकान न होना उनकी सबसे बड़ी व्यथा थी। माया देवी अपने परिवार के साथ तिरपाल से बनी एक कच्ची झुग्गी में रहने को मजबूर थीं। बारिश और ठंड के मौसम में कच्ची झुग्गी में रहना किसी चुनौती से कम नहीं था, साथ ही उन्हें हमेशा अपने और बच्चों की सुरक्षा का डर सताता रहता था। विधवाओं के लिए बनी संजीवनी जब माया देवी को जानकारी हुई कि योगी सरकार विधवाओं और निराश्रित महिलाओं को विशेष प्राथमिकता के आधार पर आवास मुहैया करा रही है, तो उन्होंने आवेदन किया। पात्रता सर्वे के दौरान उन्हें उपयुक्त पाया गया और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उनके आवास की स्वीकृति मिल गई। सरकार द्वारा आवास निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की कुल राशि तीन किस्तों में (40 हजार, 70 हजार और 10 हजार रुपये) सीधे उनके खाते में भेजी गई। विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ योगी सरकार की संवेदनशीलता यहीं खत्म नहीं हुई। आवास निर्माण के साथ-साथ माया देवी को 90 दिन की मनरेगा मजदूरी के रूप में 22,680 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। इस दोहरी सहायता ने उन्हें आर्थिक रूप से टूटने से बचा लिया और वह सम्मान के साथ अपना घर बना सकीं। आज माया देवी का पक्का मकान पूरी तरह बनकर तैयार है, जहां वह अपने बच्चों के साथ सुरक्षित महसूस करती हैं। इसके साथ ही माया देवी को प्रधान मंत्री उज्ज्वला योजना से भी लाभान्वित हुई है। माया देवी के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का मुख्य उद्देश्य समाज के सबसे वंचित और जरूरतमंद वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना है। माया देवी जैसी पात्र महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर आवास, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना और मनरेगा मजदूरी का लाभ दिया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार हमारा प्रयास है कि जनपद में कोई भी पात्र व्यक्ति आवास विहीन न रहे। माया देवी के जीवन में आया यह सकारात्मक बदलाव हमारे लिए संतोष का विषय है। सुनहरे भविष्य की नई शुरुआत आज माया देवी अपने दुख भरे अतीत को पीछे छोड़कर खुशहाल जीवन जी रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कोटि- कोटि धन्यवाद करते हुए कहा कि इस घर ने उनके बच्चों को शिक्षा के लिए एक बेहतर माहौल दिया है। वह कहती हैं कि अब हमें बारिश या असुरक्षा का कोई डर नहीं है। सरकार ने हमें सिर्फ घर नहीं, बल्कि एक नया जीवन दिया है। माया देवी जैसी कहानी साबित करती है कि जब सरकारी नीतियां संवेदनशील हों, तो वे अंधेरे जीवन में खुशहाली का सवेरा ला सकती हैं। - बीते दो वर्षों में लाभान्वित हुए लोगों की संख्या (बॉक्स के लिए) वर्ष 2024-25- लक्ष्य- 1553 स्वीकृत- 1553 निर्मित- 1541 निर्माणाधीन -12 वर्ष 2025-26- लक्ष्य- 1207 आवास स्वीकृत - 1207 आवास प्रथम किश्त जारी- 632 निर्माणाधीन आवास -632 शेष- प्रक्रियाधीन
Follow Samachar24