अमर नाथ विद्या आश्रम में 65वें वार्षिक खेलकूद समारोह का रंगारंग आयोजन
Gargachary Times
20 December 2025, 20:21
311 views
Mathura
मथुरा- अमर नाथ विद्या आश्रम, मथुरा का 65वां वार्षिक खेलकूद समारोह का आगाज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ । वार्षिक खेलकूद समारोह में विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को उभारने के लिये सामान्य तरीकों से हट कर ऐसे नवीन प्रयोग किये गये कि बच्चों की क्रिएटिविटी को देखकर अतिथिगण तथा उपस्थित दर्शक आश्चर्यचकित रह गये ।
अमर नाथ शिक्षण संस्थान के विशाल खेल परिसर में मथुरा के जिलाधिकारी श्री चन्द्र प्रकाश सिंह, भारतीय सेना के ब्रिगेडियर श्री डी.पी. सिंह, अमर नाथ शिक्षण संस्थान के चेयरमैन डा. आदित्य कुमार वाजपेयी, भारतीय क्रिकेट की अण्डर 19 टीम के युवा खिलाड़ी चेतन शर्मा तथा भारतीय महिला अण्डर 19 टीम की प्रतिभाशाली खिलाड़ी सोनम यादव ने संयुक्त रूप से विद्यालय के 65वें वार्षिक खेलकूद समारोह का उद्घाटन मशाल प्रज्ज्वलित कर व खेल समारोह के उद्घाटन की घोषणा करके किया । इस अवसर पर सभी अतिथियों ने शांति के प्रतीक श्वेत कपोत तथा रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाये तथा आतिशबाजी हुई। अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलायी ।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुये मथुरा के जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि बच्चों का सही विकास तभी हो सकता है जबकि शिक्षा में खेलकूदों का सही समन्वय हो और यह कार्य अमरनाथ शिक्षण संस्थान में कुशलतापूर्वक हो रहा है । उन्होंने समारोह में आयोजित हुये सांस्कृतिक कार्यक्रमों व बच्चों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुये कहा कि अमर नाथ विद्या आश्रम में दी जा रही शिक्षा का स्तर बहुत ही उच्च है। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रेरणा देने व उत्साहवर्द्धन करने के लिये खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों के आत्म विश्वास में भी वृद्धि होती है। उन्होंने खेलों के अभूतपूर्व आयोजन के लिये विद्यालय प्रशासन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
समारोह के विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे ब्रिगेडियर डी.पी. सिंह ने भी बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा खेल कौशल की प्रशंसा करते हुये कहा कि यह विद्यालय बालकों के सर्वांगीण विकास के लिये समर्पित है। इस अवसर पर विशेष रूप से पधारे मथुरा में एण्टी रोमियो स्क्वाड की पुलिस अधिकारी आशना चौधरी ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुये कहा कि सभी कार्यक्रम उच्चस्तरीय थे। भारतीय रिजर्व बैंक के रीजनल प्रमुख डा. अनीश वाजपेयी, अमर नाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डा. अनिल वाजपेयी, राजकीय महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्या डा. मीनाक्षी वाजपेयी, उपजा के अध्यक्ष डा. कमलकांत उपमन्यु सहित सभी अतिथियों ने भी अमर नाथ विद्या आश्रम के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट, पिरामिड, ऐरोबिक्स, सुस्वागतम् तथा भारत के रंग नृत्यगीत, योगासन, मोटर साईकिल पिरामिड व भांगड़ा नृत्य सहित बच्चों के खेल कौशल की जमकर प्रशंसा की।
विद्यालय में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत तथा आभार अमर नाथ विद्या आश्रम के प्रधानाचार्य डा. अरूण कुमार वाजपेयी ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों का माल्यार्पण, भेंट तथा पटका पहना कर अभिनन्दन भी किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह को ‘‘उत्कृष्ट सेवा रत्न सम्मान’’ से सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला में योगासन, मार्चपास्ट, पिरामिड, मोटर साईकिल पिरामिड, मलखम्ब, जिमनास्टिक का प्रदर्शन हैरतअंगेज थे। समस्त कार्यक्रम का ओजपूर्ण संचालन विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी सुयश वाजपेयी, स्कूल कोर्डिनेटर शुभम वाजपेयी, ग्रोइंग सोल किड्ज गुरूकुल की निदेशिका डा. सोनिका शर्मा तथा कक्षा 12 के कबीर शर्मा व नेहल कौशिक ने किया। अमरनाथ विद्या आश्रम के विद्यार्थियों ने 65वें वार्षिक खेलकूद समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में हजारों विद्यार्थियों ने जोश एवं उत्साह के साथ भाग लिया। वार्षिक खेलकूद समारोह में के.के. दीक्षित, महेन्द्र सिंह राजपूत, असलम खान, सुनील तिवारी, अनुराग शर्मा, सीता तिवारी, देवेश सहित अमर नाथ विद्या आश्रम तथा ग्रोइंग सोल किड्ज गुरूकुल के सभी शिक्षकों तथा कर्मचारियों का योगदान रहा ।