कान्हा की नगरी मथुरा सहित पूरा ब्रज क्षेत्र बना पर्यटकों की पहली पसंद, योगी सरकार की नीतियों से पर्यटकों की संख्या में आया रिकॉर्ड उछाल
Gargachary Times
22 December 2025, 20:57
285 views
Mathura
मथुरा। योगी सरकार की प्रभावी पर्यटन नीतियों और बुनियादी ढांचे के विकास का परिणाम अब धरातल पर दिखने लगा है। कान्हा की नगरी मथुरा- वृंदावन सहित पूरा ब्रज क्षेत्र आज पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गया है। सरकार द्वारा आध्यात्मिक विरासत को सहेजने और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से ब्रज का खोया हुआ गौरव वापस लौट रहा है।
आवागमन हुआ सुलभ, बुनियादी ढांचे में सुधार
ब्रज क्षेत्र को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ने के लिए योगी सरकार ने कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया है। बेहतर सड़कें, हाईवे और यमुना एक्सप्रेस-वे के साथ- साथ रेल मार्ग के सुदृढ़ीकरण से श्रद्धालुओं का आवागमन अत्यंत सुलभ हुआ है। अब दिल्ली, आगरा और लखनऊ जैसे शहरों से मथुरा पहुँचना पहले से कहीं अधिक आसान और सुखद हो गया है।
पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि
योगी सरकार द्वारा ब्रज के विकास पर केंद्रित नीतियों का सीधा असर आंकड़ों में साफ नजर आता है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, ब्रज क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त वृद्धि देखी गई है। वर्ष 2023 में मथुरा पहुँचने वाले कुल पर्यटकों की संख्या लगभग 7,79,272,99 थी। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 9,00,817,88 से अधिक हो गई है। वहीं वर्ष 2025 (जनवरी-2025 से सितंबर- 2025 तक) में पर्यटकों की संख्या 7,20,000,00 से अधिक दर्ज की गई। यह आंकड़े दर्शाते है कि सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं और सुरक्षा के प्रति पर्यटकों का विश्वास बढ़ा है।
ब्रज बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य ब्रज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करना है। ब्रज क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार, उत्सवों का भव्य आयोजन और आध्यात्मिक विरासत का संरक्षण हमारी प्राथमिकता है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या स्थानीय अर्थव्यवस्था को मज़बूती दे रही है और रोज़गार के नए अवसर सृजित कर रही है। आने वाले समय में ब्रज दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र बनेगा।
हर श्रद्धालु को सुविधा, हमारी प्राथमिकता
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने जानकारी दी कि पर्यटकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, गाइड सेवाओं तथा डिजिटल सूचना केंद्रों की संख्या में वृद्धि की गई है। साथ ही ब्रज क्षेत्र के पर्यटन विकास को अयोध्या-प्रयागराज-काशी की तर्ज पर विस्तारित करने की योजना तैयार की गई है। ब्रज क्षेत्र में एक्सपीरियंसल टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों को पर्यटन से जोड़ा जा रहा है तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही स्थानीय कारीगरों एवं पारंपरिक शिल्पकारों को जोड़ते हुए एग्री-रूरल टूरिज्म की संभावनाओं को मजबूत करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह है कि जो पर्यटक वर्तमान में एक दिन के लिए मथुरा-वृंदावन आते हैं, उनके ठहराव की अवधि को एक हफ्ते तक बढ़ाया जा सके और उन्हें ब्रज क्षेत्र की संस्कृति, ग्रामीण जीवन और स्थानीय अनुभवों से जोड़ा जा सके।
आर्थिक सशक्तिकरण की नई राह
पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। होटल व्यवसाय, हस्तशिल्प और स्थानीय परिवहन से जुड़े हजारों परिवारों की आय में वृद्धि हुई है, जिससे ब्रज क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है।