Loading...

पं दीनदयाल धाम में सूर्या फाउंडेशन के तत्वावधान में तुलसी पूजन एवं शहीदी सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन

Gargachary Times 25 December 2025, 21:15 122 views
Mathura
पं दीनदयाल धाम में सूर्या फाउंडेशन के तत्वावधान में तुलसी पूजन एवं शहीदी सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन
फरह। सूर्या फाउंडेशन की आदर्श गांव योजना के अंतर्गत ब्रज क्षेत्र स्थित पं दीनदयाल धाम, में सभी संस्कार केंद्रों पर तुलसी पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सूर्या फाउंडेशन द्वारा समाज में सांस्कृतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्कार केंद्रों के कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं बच्चों ने विधिवत रूप से तुलसी पूजन किया।इस अवसर पर तुलसी पौधे के धार्मिक, आयुर्वेदिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। तुलसी न केवल भारतीय संस्कृति में पूजनीय है, बल्कि यह औषधीय गुणों से भरपूर होने के साथ वातावरण को शुद्ध करने में भी सहायक है। नियमित रूप से तुलसी की सेवा करने से स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह कार्यक्रम शहीदी सप्ताह के अंतर्गत भी आयोजित किया गया, जिसमें सिख धर्म के महान गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादों एवं उनके परिवार द्वारा दिए गए अतुलनीय बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। क्षेत्र प्रमुख आदर्श मिश्रा ने अपने संबोधन में साहिबजादों की शहादत का वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने अत्याचार और अन्याय के सामने झुकने के बजाय धर्म, सत्य और राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि यह बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जो आने वाली पीढ़ियों को साहस, त्याग और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। आदर्श मिश्रा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं, समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने तुलसी संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। यह आयोजन ब्रज क्षेत्र के दीनदयाल धाम मथुरा में सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस अवसर पर जेफसी राजकुमार ओझा सहित सभी शिक्षक, शिक्षार्थी व अन्य ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
Follow Samachar24