कल्याणं करोति नेत्र संस्थान मेँ हुआ 1169 मरीजों के मोतियाबिंद का निशुल्क आपरेशन
Gargachary Times
26 December 2025, 19:17
216 views
Mathura
गोवर्धन । श्री राम बेरीवाला एवं श्याम सुंदर बेरीवाला की स्मृति में श्याम स्टील मेन्युफेक्चरिंग लि. कोलकाता के सहयोग से कल्याणं करोति नेत्र संस्थान द्वारा 1169 लोगों का निशुल्क मोतियाबिंद का आपरेशन किया गया। जचौंदा स्थित नेत्र संस्थान पर शुक्रवार को आयोजित समापन समारोह में वक्ताओं ने आर्थिक युग में विपन्न लोगों की निःशुल्क सेवा के कार्य को पुनीत एवं यज्ञ बताया।
15 से 25 दिसंबर तक श्रीजी बाबा आश्रम पर कैम्प लगाकर चिन्हित मरीजों को अनवरत रूप से भर्ती किया गया तथा क्रमबद्ध आपरेशन किए गए। अतिथि वक्ताओं ने नेत्र संस्थान को उत्तर भारत में आंखों के संपूर्ण समाधान केन्द्र के रूप में उत्तरोत्तर प्रगति की शुभकामनाएं दीं और लोगों से आग्रह किया कि रामसेतु निर्माण में जिस तरह गिलहरी ने सहयोग किया उसी तरह सामर्थ्यवान लोग सहयोग करें तो महंगी चिकित्सा भी आम आदमी के लिए सरल हो जाएगी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में मथुरा के पूर्व पालिकाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि खांडवाला परिवार के बगीचे से शुरू हुआ कल्याणं करोति का समाज सेवा का बीज बीजारोपण बृहद वृक्ष बन रहा है। उसे हम सभी को सामर्थ्य के अनुसार सींचना है । तभी गरीब को भी निःशुल्क इलाज मिल सकेगा।
अतिथि वक्ताओं में कुल भूषण जैड प्रधानाचार्य विरला स्कूल, आशीष भाटिया प्रशासनिक अधिकारी ज्ञानदीप शिक्षा भारती, राकेश शर्मा चेयरमैन नवोदिता विद्या मंदिर इंटर कालेज, प्रो. नबाव सिंह, रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार बीएल शर्मा , सहायक निदेशक कार्यक्रम दूरदर्शन सत्यव्रत सिंह, कार्यक्रम अधिशासी आकाशवाणी ओ. पी. सिंह ने संस्थान के सेवा प्रकल्प की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। शंकरा फाउण्डेशन यूएसए की श्रीमती रूपा ने मरीजों के स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उनके साथ कृष्ण गोपाल, श्याम एवं काव्या मौजूद रहे।
सह सचिव मूलचंद गर्ग ने अतिथि सत्कार किया।
संचालन सह सचिव निरुपम भार्गव ने किया।