Loading...

ईडब्ल्यूएस सरलीकरण के लिए एकजुट हुआ सवर्ण समाज, गोवर्धन के राधा कृष्ण गार्डन में हुई सवर्ण समाज की महापंचायत

Gargachary Times 28 December 2025, 21:13 98 views
Mathura
ईडब्ल्यूएस सरलीकरण के लिए एकजुट हुआ सवर्ण समाज, गोवर्धन के राधा कृष्ण गार्डन में हुई सवर्ण समाज की महापंचायत
गोवर्धन। ईडब्ल्यूएस के सरलीकरण व ईडब्ल्यूएस प्रतिशत बढ़ाने व एससी एसटी एक्ट के खिलाफ सवर्ण समाज द्वारा गोवर्धन स्थित श्री राधाकृष्ण गार्डन में महापंचायत की। जहां सवर्ण समाज ने एकजुट होकर ईडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत व इसके सरलीकरण को लेकर हुंकार भरी। महापंचायत में विशिष्ट अतिथि श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष राकेश रघुवंशी व मुख्य अतिथि किसान मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान श्रीराष्ट्रीय राजपूत करणी के जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह राजावत को पदोन्नति करते हुए प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया। वहीं कान्हा ठाकुर को नव जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। इस दौरान राकेश रघुवंशी ने कहा कि एससी एसटी एक्ट ने समाज से सवर्ण समाज से मान सम्मान खोने का कार्य किया है। 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस देकर सवर्ण समाज के साथ सरकार ने छलावा किया है। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सबसे ज्यादा समाज का तिरस्कार इसी सरकार में हुआ है। हम भीख नहीं मांग रहे अपना अधिकार मांग रहे हैं। किसान मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह ने कहा कि तिलक तराजू और तलवार, लड़कर लेंगे अपना अधिकार। अब हमें अपने अधिकार लेने ही होंगे। राष्ट्रवादी करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष करण ठाकुर ने कहा कि एक देश एक चुनाव हो सकता है तो आरक्षण खत्म ही क्यों नहीं हो सकता। सरकार को समस्त आरक्षण प्रक्रिया को ही खत्म कर देना चाहिए। कौशल किशोर महाराज ने सवर्ण समाज कि तुलना ज्ञान वैराग्य से की। कहा कि जिस तरह ज्ञान वैराग्य को जगाया गया था उसी तरह सवर्ण समाज को भी जगाना होगा। नवनियुक्त प्रदेश सचिव कन्हैया सिंह राजावत ने नारा देते हुए कहा कि ब्राह्मण, ठाकुर, लाला, बनिया, सब मिलकर बदलो अपनी दुनिया। इस मौके पर श्रीराष्ट्रीय राजपूत करणी सेना, सवर्ण आर्मी, भाकियू भानु, क्षत्रिय करणी सेना, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा आदि संगठन ने सहभागिता की। महापंचायत की अध्यक्षता ठाकुर नवल सिंह ने की। संचालन ठाकुर यशवीर सिंह राघव व पवन दुबे ने किया।
Follow Samachar24